)
Guwahati Mosque Pork Incident: असम की राजधानी गुवाहाटी के पंजाबी बस्ती इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने 6 जुलाई की देर रात ईदगाह मस्जिद के परिसर में एक पॉलिथीन बैग में लपेटा हुआ सूअर का मांस फेंका. मस्जिद के इमाम को यह बैग रविवार सुबह अज़ान के समय (करीब 4:15 बजे) मिला, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसे असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के उस बयान से जोड़ा जा रहा है जिसमें उन्होंने पिछले महीने कहा था कि विभिन्न स्थानों पर गोमांस फेंकने का कारोबार बंद होना चाहिए, अन्यथा अन्य लोग जवाबी कार्रवाई में विभिन्न क्षेत्रों में सूअर का मांस रख सकते हैं. हालांकि, सीएम ने इसी बयान में सफाई भी दी थी. उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि ऐसी कोई घटना हो और ऐसे मामलों पर कोई झगड़ा नहीं होना चाहिए.
— The Muslim (@TheMuslim786) July 7, 2025
क्या है पूरा मामला
दरअसल, मस्जिद के इमाम हमेशा की तरह फज्र की अज़ान देने के लिए मस्जिद पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मस्जिद परिसर में एक कटा हुआ पॉलीथिन बैग पड़ा देखा. शक होने पर जब उन्होंने बैग खोला तो उसमें सूअर का मांस मिला. इमाम ने तुरंत मस्जिद कमेटी को इसकी जानकारी दी. इसके बाद स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने जांच के लिए टीम गठित की
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मस्जिद परिसर की घेराबंदी कर दी गई. फोरेंसिक टीम बुलाकर नमूने लिए गए और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. पुलिस ने इसे गंभीर उकसावे का मामला मानते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
असम के सीएम ने क्यों दिया था विवादित बयान
पिछले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न इलाकों में हिंदू धार्मिक स्थलों और अन्य इलाकों के पास गोमांस और गाय के अंग फेंके गए हैं. इन घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर सरमा ने कहा, "हमें इन लोगों को गोमांस फेंकने के इस धंधे से रोकना होगा. नहीं तो दूसरे लोग भी विभिन्न जगहों पर सूअर का मांस रखना शुरू कर देंगे."
दिया था ये बड़ा बयान
सीएम हिमंत ने कहा, 'जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उन्हें समझना चाहिए कि अगर हिंदुओं को एक तरह का मांस पसंद नहीं है, तो मुसलमानों को भी दूसरा प्रकार पसंद नहीं है. अगर मंदिरों और नामघरों (वैष्णव पूजा स्थल) के सामने गोमांस फेंका जाता है, तो वे तब क्या करेंगे जब मस्जिदों के सामने सूअर का मांस रखा जाएगा?' सरमा ने कहा कि इन चीजों पर झगड़े नहीं होने चाहिए. हम नहीं चाहते कि ऐसा कुछ हो। इन जगहों को शाकाहारी रखा जाना चाहिए, यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा है.