)
Sanjauli Mosque Controversy: हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित संजौली मस्जिद को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. हिंदू संगठन के लोग अब संजौली मस्जिद में नमाज़ पढ़ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं. हिंदू संगठन के लोगों ने DC शिमला से ये मांग की है. हिंदू संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल डीसी शिमला से मिला और संजौली मस्जिद में नमाज पढ़ने पर रोक लगाने की मांग की.
हिंदू संगठन का कहना है कि मस्जिद में पूरे सप्ताह कोई धार्मिक गतिविधि नहीं होती, लेकिन हर शुक्रवार को बाहरी राज्यों से लोग यहां जुमे की नमाज पढ़ने के लिए आते हैं. लोगों ने आरोप लगाया कि इससे इलाके में भीड़ बढ़ जाती है और स्थानीय माहौल प्रभावित होता है.
नमाज पर क्यों हो रहा बवाल
उन्होंने आगे दावा किया कि नगर निगम आयुक्त की अदालत ने पहले ही संजौली मस्जिद को अवैध निर्माण मानते हुए इसे तोड़ने का फैसला दिया था. इसके बाद जिला अदालत ने भी वक्फ बोर्ड और संजौली मस्जिद कमेटी द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया था. इसके बावजूद मस्जिद में गतिविधियां जारी हैं, जो अदालत के फैसले की अवहेलना है. साथ ही हिंदू संगठन ने प्रशासन से सवाल किया कि जब अदालत का फैसला आ चुका है, तो अब तक मस्जिद में नमाज की इजाजत क्यों दी जा रही है और निर्माण को क्यों नहीं हटाया गया.
महिलाओं ने दी चेतावनी
वहीं, हिंदू संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने भी मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने के खिलाफ चेतावनी दी है. महिलाओं ने कहा कि वे शुक्रवार को मस्जिद में आने वाले बाहरी लोगों को नमाज पढ़ने से रोकेंगी. महिलाओं का कहना है कि यह केवल धार्मिक नहीं, बल्कि कानूनी और सामाजिक मुद्दा भी बन गया है, क्योंकि यह मामला अदालत के आदेशों की अनदेखी से जुड़ा है.