)
जयपुर: इन दिनों मौसम तेजी से करवट बदल रहा है. अभी कुछ ही दिनों पहले खबरें आ रहीं थी कि राजस्थान के कुछ इलाकों को बर्फ पड़ रही है. अब खबर आ रही है कि राजस्थान के कुछ इलाकों में शदीद गर्मी पड़ रही है.
गर्मी ने राजस्थान में अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राजस्थान के जिला बाड़मेर में दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. जयपुर में मौजूद मौसम केंद्र के मुताबिक बीते 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.9 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 35.8 डिग्री, जालौर में 35.1 डिग्री, डूंगरपुर में 34.6 डिग्री, सिरोही में 34.2 डिग्री व जोधपुर में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इसी तरह बूंदी, चित्तौड़गढ़, फलौदी, बीकानेर, चुरू व गंगानगर में भी दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा. मौसम केंद्र के मुताबिक सोमवार रात सीकर में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री व संगरिया में 9.7 डिग्री दर्ज किया गया. राज्य में बाकी जगह यह 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा. इस बीच, मौसम विभाग ने जोधपुर व बीकानेर संभाग के जिलों में मंगलवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं/धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई है.
Video: