)
Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शादीशुदा प्रेमी जोड़े ने जहर खा लिया, जिससे प्रेमी की मौत हो गई, जबकि प्रेमिका की हालत गंभीर बनी हुई है. यह घटना फखरपुर थाना क्षेत्र के कुंडासर गांव की है.
दरअसल, फखरपुर थाना क्षेत्र के कुंडासर गांव का निवासी 25 साल का इमरान गांव की ही एक महिला से प्रेम करता था. इमरान दिल्ली में रहकर जूस बेचता था. करीब एक महीने पहले वह गांव लौटा था. इस दौरान वह अक्सर अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर जाता था लेकिन जब गांव वालों को उनके संबंधों के बारे में पता चला तो दोनों के एक-दूसरे से मिलने पर पाबंदी लगा दी गई. गांव वालों के डर और समाज के दबाव के चलते उनका रिश्ता खुलकर सामने नहीं आ सका. हताश होकर दोनों ने एक साथ जहर खाने का फैसला कर लिया.
लड़की ने भी खाया जहर
इमरान ने जहर खा लिया. इससे उसकी हालत बिगड़ गई और परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी हालत और बिगड़ती गई. आखिरकार उसकी मौत हो गई. इमरान की मौत की खबर सुनते ही उसकी प्रेमिका गुड़िया (बदला हुआ नाम) टूट गई और उसने भी ज़हर खा लिया. हालत बिगड़ने पर उसे फौरन बहराइच मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. फिलहाल, वह ज़िंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. डॉक्टर लगातार उसका इलाज कर रहे हैं.
इमरान ने भिजवाया था जहर
अस्पताल में इलाज के दौरान गुड़िया ने बताया कि इमरान ने किसी के जरिए उसे ज़हरीला पदार्थ भिजवाया था. उसने बताया कि फोन पर बातें करते-करते दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे थे. जब गांव वालों की नज़र उन पर पड़ी और उन्होंने मिलना-जुलना बंद कर दिया, तो उन्होंने जान देने का फैसला कर लिया. इस घटना से गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है. युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं युवती के परिजन उसकी ज़िंदगी की दुआ कर रहे हैं. पुलिस ने इमरान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है.