India Pakistan Tension: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच, कई राष्ट्रविरोधी तत्व सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में सामग्री पोस्ट कर रहे हैं. पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने निगरानी कड़ी कर दी है, राज्यों में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं.
Trending Photos
)
India Pakistan Tension: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच देश के कुछ हिस्सों में असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट कर रहे हैं. इसको लेकर पुलिस सतर्क हो गई है और कई राज्यों में ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है. खुफिया एजेंसियां भी सोशल मीडिया पर नजर रख रही हैं. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस तरह के पोस्ट माहौल खराब करने की साजिश का हिस्सा हो सकते हैं. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी चल रही है.
हिमाचल प्रदेश के कंडाघाट में एक महिला पर अपने फेसबुक अकाउंट पर पाकिस्तान के समर्थन में कई पोस्ट करने का आरोप लगा है. इसके फौरन बाद लोगों ने इसकी शिकायत कंडाघाट पुलिस से की. स्थानीय युवक थाने के बाहर जमा हो गए और पाकिस्तान मुर्दाबाद और देश के गद्दारों को गोली मारो जैसे नारे लगाए. लोगों ने पाकिस्तानी झंडा बनाकर उसे पैरों तले रौंदा और मांग की कि पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
पुलिस कर रहा है पूछाताछ
पुलिस ने भी फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला और उसके पति को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस बीच शाम करीब पांच बजे लोगों ने कंडाघाट बाजार में विरोध रैली भी निकाली. लोग तिरंगा लेकर पूरे बाजार में घूमे और पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए और दोषियों को जल्द सजा देने की मांग की. पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
छत्तीसगढ़ में पुलिस का एक्शन
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक इंस्टाग्राम ब्लॉगर लुजिना खान ने भारत के ऑपरेशन सिंदूर के खिलाफ पोस्ट किया, जिसके बाद हिंदूवादी संगठनों में गुस्सा फैल गया. बजरंग दल समेत कई हिंदू संगठनों ने लुजिना खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. संगठन के कार्यकर्ता सिविल लाइन थाना पहुंचे और ब्लॉगर पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने की मांग की. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ब्लॉगर से पूछताछ की तैयारी कर रही है.