)
नई दिल्ली: कप्तान यश धुल के शानदार शतक की मदद से भारत ने आस्ट्रेलिया को 96 रन से हराकर लगातार चौथी बार अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया. धुल ने 110 गेंद में 110 रन बनाये और उपकप्तान शेख रशीद के साथ 204 रन की साझेदारी की. रशीद ने 108 गेंद में 94 रन बनाये. दोनों ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम को पांच विकेट पर 290 रन तक पहुंचाया. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया और आस्ट्रेलिया को 41 . 5 ओवर में 194 रन पर आउट कर दिया.
आस्ट्रेलिया के लिये सिर्फ लाचलान शॉ 51 रन बना सके लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. भारत के लिये विकी ओस्तवाल ने तीन, रवि कुमार और निशांत सिंधू ने दो दो और कुशाल ताम्बे ने एक विकेट लिया. वहीं तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 26 रन दिये. रिकॉर्ड चार बार के चैम्पियन भारत का सामना अब शनिवार को फाइनल में इंग्लैंड से होगा.
भारत के नाम अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड है. टीम इंडिया 2000, 2006, 2008, 2012, 2016, 2018, 2020 के बाद इस साल भी फाइनल में पहुंची है. भारत अब तक चार बार खिताब जीतने में भी कामयाब रहा है. भारत ने 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीता था. इस बार फाइनल में टीम इंडिया का सामना इंग्लैंड से होगा.
Video: