)
मोहित गोमत/बुलंदशहर: फौजी कार्रवाई में हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर रियाज नायकू की मौत पर शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा के परिवार ने 72 घंटों के अंदर बहादुर जवानों की शहादत का बदला लेने के लिए फौज का शुक्रिया अदा किया है.
गुज़िश्ता दिनों जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में शहीद हुए बुलंदशहर शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा के चाचा दिनेश चंद पाठक ने कहा कि उन्हें फख्र है कि उनके शहीद भतीजे और दीगर शहीदों का बदला मुल्क की फौज ने ले लिया है. उन्होंने बताया कि शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा की अहलिया पल्लवी शर्मा ने अज्म लिया है कि उनकी बेटी भी बड़ी होकर भारतीय सेना की वर्दी पहनेगी और वालिद की तरह मुल्क की खिदमत के करेगी.
गुज़िश्ता डेढ़ साल से शहीद कर्नल आशुतोष शर्मा की टीम में रहे 21 आरआर बटालियन के सिपाही यशपाल सिंह ने रियाज़ नायकू की मौत पर कहा कि हमने शहादत का बदला लिया है और लेते रहेंगे. अपने सीनियर को याद करते हुए यशपाल सिंह ने बताया कि शहीद कर्नल मिलिट्री ऑपरेशन के दौरान खुद जवानों के साथ मोर्चा संभालते थे. कभी अकेले किसी जवान को नहीं जाने देते थे और सब को बराबर का इज्ज़त देते थे.