)
India Vs Sri Lanka T20: भारत और श्रीलंका के बीच चल रही सीरीज़ के बीच भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. भारत के सलामी बल्लेबाज़ रुतुराज गायकवाड़ श्रीलंका के खिलाफ चल रही टी-20 सीरीज़ से बाहर हो गए हैं. इसके पीछे की वजह की बात करें तो गायकवाड़ चोट के चलते टीम से बाहर हुई हैं और अब उनकी जगह मयंग अग्रवाल को टीम में जगह मिली है. यह जानकारी खुद बीसीसीआई ने दी है. याद रहे कि यह भारत के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि रुतुराज गायकवाड़ एक बेहतरीन सलामी बल्लेबाज़ हैं.
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने बताया,"बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ को श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है. उन्होंने बृहस्पतिवार को लखनऊ में पहले टी20 मैच से पहले अपनी दाहिनी कलाई के जोड़ में दर्द की शिकायत की थी और बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनकी जांच की." उनका एमआरआई स्कैन एक विशेषज्ञ परामर्श के बाद किया गया था. अखिल भारतीय वरिष्ठ चयन समिति ने बाकी दो टी-20 के लिए मयंक अग्रवाल को भारतीय टीम में शामिल किया है.
हालांकि इसको लेकर बीसीसीआई ने पहले ही अपडेट कर दिया था और गुरूवार को, लखनऊ में भारत और श्रीलंका के बीच पहले टी20 की शुरुआत से ठीक पहले कहा था,"गायकवाड़ दाहिनी कलाई में चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे." उन्होंने कहा, "रुतुराज गायकवाड़ ने चोट की शिकायत की, जिससे वे बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे थे. वह पहले टी20 के सलेक्शन के लिए अनुपलब्ध थे. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी जांच कर रही है."
गायकवाड़ के अलावा सूर्य कुमार यादव और दीपक चाहर कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम टी20 में चोटिल हो गए थे. इसलिए वो भी फिलहाल टीम से बाहर चल रहे हैं.
भारत वर्तमान में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है और आज (शनिवार) धर्मशाला में दूसरा टी20 मैच खेला जाएगा.
भारत की टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान), अवेश खान और मयंक अग्रवाल.
(इनपुट- आईएएनएस)
Watch Viral VIDEO