मध्य प्रदेश की इस इकलौती सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान का परिचालन कोविड-19 के असर की वजह से मार्च 2020 में रोक दिया गया था.
Trending Photos
)
इंदौरः सरकारी विमानन कम्पनी एअर इंडिया की इंदौर-दुबई उड़ान करीब 17 महीने के लम्बे अंतराल के बाद बुधवार को बहाल होगी. मध्य प्रदेश की इस इकलौती सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान का परिचालन कोविड-19 के असर की वजह से मार्च 2020 में रोक दिया गया था जिसे महामारी के हालात काबू में आने के बाद दोबारा शुरू किया जा रहा है. एअर इंडिया के एक अफसर ने मंगलवार को यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि इंदौर-दुबई उड़ान की बहाली को लेकर यहां देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये शिरकत करेंगे.
उड़ान का शिड्यूल
अधिकारी ने बताया कि एअर इंडिया का विमान हर बुधवार को भारतीय मानक समय के मुताबिक इंदौर से दोपहर 12ः35 बजे उड़ान भरकर दोपहर 03ः05 बजे दुबई पहुंचेगा. वापसी में यह विमान दुबई से हर बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात के मानक समय के मुताबिक शाम 04ः05 बजे रवाना होकर रात 08ः55 बजे इंदौर आएगा.
कारोबार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जानकारों का कहना है कि इस उड़ान के बहाल होने से मध्य भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच पर्यटन और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा. यात्रियों की बरसों पुरानी मांग के आधार पर इंदौर-दुबई उड़ान 15 जुलाई 2019 को शुरू हुई थी.
Zee Salaam Live Tv