)
नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2021) में भारतीय टीम का प्रदर्शन निहायत की खराब रहा. इसमें विराट कोहली (Virat Kohli) की अगुवाई में टीम इंडिया सुपर 12 स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी और पाकिस्तान और न्यूजीलैंड सख्त हज़ीमत का सामना करना पड़ा. वर्ल्ड कप में भारत का सफर खत्म हुआ तो इस टूर्नामेंट में टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर खूब चर्चा हुई खिलाड़ियों समेत जिम्मेदारों की सख्त तंकीद की गई. बल्कि पूर्व कप्तान कपिल देव ने तो यहां तक कह दिया कि भारतीय खिलाड़ी देश से ज़्यादा तवज्जो आईपीएल को देते हैं.
अब हालिया दिनों इस बात पर बहस छिड़ी हुई है कि मशहूर टी-20 लीग आईपीएल (IPL) में खेलना ज़्यादा अहम है या फिर देश की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरना ज़्यादा बेहतर है. इस पर भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने अपने रद्देअमल का इज़हार किया है.
एक टीवी जैनल से बात करते हुए रवि शास्त्री ने कहा कि 'ज़ाहिर तौर पर इसको लेकर कोई सवाल ही नहीं है, अगर ऐसा नहीं होता तो पिछले पांच सालों में इस तरह का प्रदर्शन आपको देखने को नहीं मिलता. कौन ही बेवकूफ होगा जो देश के लिए खेलने से ज्यादा तवज्जो फ्रेंचाइजी क्रिकेट को देगा. जब कोई भारत के लिए खेल रहा होता है तो दुनिया को करोड़ों लोग देख रहे होते हैं. आप काफी लकी हैं, जो इतनी आबादी वाले देश में उन ग्यारह खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनको देश की नमाइंदगी करने का मौका मिल रहा है.'
वहीं शास्त्री ने कोहली की कप्तानी के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह कार्यभार के बेहतर प्रबंधन के लिए दूसरे प्रारूपों से भी कियादत की जिम्मेदारी छोड़ सकते है.' उन्होंने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट में उनकी कप्तानी में भारत पिछले पांच साल से पहले पायदान पर काबिज है. जब तक वह मानसिक रूप से थका हुआ महसूस नहीं करेंगे तब तक वह उसे छोड़ना नहीं चाहेंगे. वह हालांकि निकट भविष्य में बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कप्तानी छोड़ सकते हैं.'
शास्त्री बोले, 'यह फौरन नहीं होगा, लेकिन ऐसा हो सकता है. सफेद गेंद के क्रिकेट (सीमित ओवरों के प्रारूप में) के साथ भी ऐसा हो सकता है. वह कह सकते है कि वह अब सिर्फ टेस्ट कप्तानी पर ध्यान केंद्रित करना चाहते है.' शास्त्री ने कोहली को सबसे फिट क्रिकेटर करार देते हुए कहा, 'बहुत से सफल खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने के लिए कप्तानी छोड़ दी.'
Zee Salaam Live TV: