)
Iran Regional Partnerships: ईरानी सरकार ने साफ किया है कि वह क्षेत्रीय साझेदारी और आर्थिक कूटनीति को मजबूत कर रही है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है. ईरान ने सम्मान और अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर बातचीत के लिए अपनी तत्परता भी दोहराई.
सरकारी प्रवक्ता फातिमा मोहजरानी ने मध्य ईरान के शहर शाज़ंद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की हाल की कजाकिस्तान और तुर्कमेनिस्तान यात्राएं बहुत महत्वपूर्ण थीं. इन यात्राओं के दौरान ईरान ने दोनों देशों के साथ कुल 14 सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए. ये समझौते मुख्य रूप से व्यापार, अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय सहयोग पर केंद्रित हैं. मोहजरानी ने कहा कि सरकार की आर्थिक नीति में निजी क्षेत्र की अहम भूमिका है. सरकार का लक्ष्य निजी कंपनियों के फलने-फूलने के लिए अनुकूल माहौल बनाना है. व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रशासनिक और ढांचागत बाधाओं को हटाया जा रहा है. उनका मानना है कि ये समझौते आर्थिक गतिविधियों को तेज करेंगे और क्षेत्रीय विकास को मज़बूत करेंगे.
इजरायल को लेकर कही ये बात
सुरक्षा मुद्दों पर बात करते हुए मोहजरानी ने कहा कि ईरान को अभी भी दुश्मन ताकतों से खतरा है, खासकर इजरायल और लेबनान के आसपास की स्थिति का ज़िक्र किया. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि ईरान इन खतरों को अपने रोजमर्रा के आर्थिक और सामाजिक जीवन पर हावी नहीं होने देगा. उन्होंने कहा कि विरोधी ताकतें देश की सामाजिक स्थिरता और आर्थिक प्रगति को बाधित करने के लिए ईरान को लगातार तनाव में रखने की कोशिश करती हैं. लेकिन ईरान किसी भी स्थिति के लिए तैयार है और अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा.
कूटनीति को लेकर ईरान ने क्या कहा?
कूटनीति के बारे में मोहजरानी ने कहा कि ईरान संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ बातचीत के लिए भी तैयार है, बशर्ते बातचीत सम्मानजनक, यथार्थवादी हो और ईरान के रणनीतिक हितों को स्वीकार करे. ईरान का तरीका एक्टिव डिप्लोमेसी, आर्थिक विकास और एक मज़बूत सुरक्षा सिस्टम के बीच बैलेंस बनाकर आगे बढ़ना है, ताकि क्षेत्रीय अनिश्चितताओं के बावजूद देश की तरक्की जारी रहे.