)
Israel Humanitarian Zone Gaza: गाजा में इजरायल पिछले दो साल से नरसंहार कर रहा है. इस बीच इजरायली फौज ने आज गाजा पट्टी के दक्षिण में खान युनिस इलाके में एक नया मानवीय जोन बनाने का ऐलान किया है. यह कदम गाजा सिटी पर अपनी योजना के तहत जमीन पर हमले से पहले उठाया गया है. इस जोन में फील्ड अस्पताल, पानी की पाइपलाइन और पानी शुद्ध करने की सुविधाएं मौजूद हैं. इसके अलावा, भोजन, तंबू, दवाइयां और मेडिकल उपकरण वहां नियमित रूप से पहुंचाए जाएंगे.
IDF के प्रवक्ता अविचाय अद्रे ने गाजा सिटी के लोगों से कहा कि वे जल्दी से जल्दी इस मानवीय ज़ोन में चले जाएं. इजरायल की सेना ने कहा कि यह जोन संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के सहयोग से लगातार मदद और सुविधाओं के विस्तार के लिए काम करेगा. इस बीच IDF ने बताया कि उनके साउदर्न कमांड ने गाजा सिटी के एक बहुमंजिला इमारत पर हमला किया. यह इमारत हमास द्वारा इस्तेमाल की जा रही थी, जिसमें गुप्त निगरानी उपकरण और धमाके लगाए गए थे.
इजरायली की सेना ने कहा कि हमला करने से पहले नागरिकों को चेतावनी दी गई और सटीक हथियारों और जासूसी जानकारी का इस्तेमाल किया गया. IDF का कहना है कि गाजा में हमास लगातार अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करता है और नागरिकों का इस्तेमाल ढाल की तरह करता है. सेना ने कहा कि वह आतंकवादी संगठनों के खिलाफ पूरी ताकत और संकल्प के साथ कार्रवाई जारी रखेगी.
गाजा में इजरायल कर रहा है नरसंहार
गौरतलब है कि हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हमला किया था. इस हमले में कम से कम 1200 लोग मारे गए थे. इस हमले के बाद इजरायल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गाजा पर हमला किया और अभी भी हमला कर रहा है. हमास की आड़ में इज़रायल नरसंहार कर रहा है. गाजा में अब अकाल जैसे हालात हो गए हैं. लोग भुखमरी का शिकार हो रहे हैं.