)
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सपा नेता अमित यादव को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी से ऑर्डर किए गए पनीर रोल की जगह चिकन रोल मिला. इस घटना के बाद धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने का हवाला देते हुए सपा नेता ने उपभोक्ता फोरम में कंपनी और रेस्टोरेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
दरअसल, अमित यादव सपा सपा मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव हैं. 26 सितंबर को अपने बेटे के कहने पर उर्दू बाजार में मौजूद तंदूरी दरबार रेस्टोरेंट से दो पनीर रोल का ऑर्डर दिया. जब डिलीवरी हुई और पैकेट खोला गया तो उन्हें एक पनीर रोल और एक चिकन रोल मिला. शुरुआत में उन्होंने इसे पनीर समझकर खाना शुरू किया, लेकिन थोड़ी देर बाद महसूस हुआ कि इसमें चिकन है. इस घटना के बाद अमित यादव ने तुरंत डिलीवरी बॉय और कंपनी से शिकायत की.
अमित यादव ने क्या कहा?
स्विगी ने सिर्फ 150 रुपये का रिफंड देने की बात कही और रेस्टोरेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए AFSSI का सुझाव दिया. हालांकि न तो पैसा वापस मिला और न ही किसी तरह की माफी आई. अमित यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी माता के कहने पर 23 साल पहले मांसाहार छोड़कर शाकाहारी जीवन अपनाया था. अब माता के निधन के बाद यह घटना उनके लिए और भी भावनात्मक रूप से कष्टकारी है. उन्होंने कहा कि उनकी धार्मिक आस्था और व्यक्तिगत विश्वास के साथ यह गंभीर खिलवाड़ है.
मामला पहुंचा कंज्यूमर कोर्ट
वहीं, रेस्टोरेंट संचालक शाहनवाज ने सफाई दी कि यह गलती डिलीवरी बॉय की वजह से हुई और ऑर्डर में एक्सचेंज हो गया. उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से ऐसा जानबूझकर नहीं किया गया और यह एक मानवीय त्रुटि थी. अब यह मामला उपभोक्ता फोरम तक पहुंच गया है. फोरम में शिकायत दर्ज होने के बाद अगली सुनवाई का इंतजार है.