Waqf Law 2025: कांग्रेस कमेटी के सदस्य ज्योति कुमार सिंह ने दावा किया है कि बीजेपी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को षड्यंत्र में फंसकर वक्फ बिल पर सहमति दर्ज करवाई है. ज्योति कुमार का कहना है कि बीजेपी महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी खुद का मुख्यमंत्री बनाना चाहती है.
Trending Photos
)
Waqf Law 2025: सियासत के गलियारों मे जहां वक्फ कानून का मुद्दा सुर्खियों में है, वहीं ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य और पार्टी प्रवक्ता ज्योति कुमार सिंह ने दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'षड्यंत्र में फंसकर' वक्फ बिल को सहमति दी है.
ज्योति कुमार सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "बीजेपी ने नीतीश कुमार से षड्यंत्र के तहत वक्फ बिल पर सहमति ली है. बीजेपी चाहती है कि जिस तरह से महाराष्ट्र में शिंदे को हटाकर उन्होंने खुद का मुख्यमंत्री बनाया है, उसी तरह से बिहार में भी वे यही नीति लागू करना चाहते हैं."
इसके साथ ही ज्योति कुमार ने राहुल गांधी के बिहार दौरे पर भी बात करते हुए बताया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज बिहार के बेगूसराय में 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा में शामिल होंगे. सिंह ने कहा, "बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी का यहां दौरा लगातार रहेगा. राहुल गांधी मुआशरे में आर्थिक तरह से पिछड़े लोगों की लड़ाई को लेकर मुहिम चला रहे हैं. इस मुहिम के तहत वे बिहार दौरा कर रहे हैं.
राहुल गांधी का बेगूसराय दौरा
जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी सुबह 9:50 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर वहां से 10:10 बजे बेगूसराय के लिए रवाना होंगे. पदयात्रा में भाग लेने के बाद वे दोपहर 1:00 बजे पटना लौट आएंगे. वापस लौटने पर वे श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे. सम्मेलन के बाद गांधी सदाकत आश्रम में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे और शाम को दिल्ली वापस लौटेंगे. राहुल गांधी की वापसी शाम 4:10 बजे होगी.
स्थानीय नौजवानों से करेंगे बात
राहुल गांधी स्थानीय समुदाय से मिलेंगे, उनकी परेशानियों पर विचार करेंगे और इलाके के नौजवानों के सामने आने वाले ज्वलंत मुद्दों पर बात करेंगे. उनका यह दौरा बिहार विधानसभा चुनावों से पहले हो रहा है, जहां कांग्रेस के एकजुट विपक्षी मोर्चे के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की उम्मीद है. इससे पहले रविवार को राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं को एकजुट करने के लिए सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था.
शेयर किया वीडियो
शेयर पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा, "बिहार के युवा साथियों, मैं 7 अप्रैल को बेगूसराय आ रहा हूं, 'पलायन रोको, रोजगार दो' यात्रा में आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए. इसका मकसद पूरी दुनिया को बिहार के युवाओं की भावनाओं, उनके संघर्ष, उनके दर्द से रूबरू कराना है. आप भी सफेद टी-शर्ट पहनकर आएं, सवाल पूछें, अपनी आवाज बुलंद करें. अपने हक के लिए सरकार पर दबाव डालें, उसे हटाएं. यहां रजिस्टर करके सफेद टी-शर्ट आंदोलन से जुड़ें."