)
PM Rally In Karnataka: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने में काफी कम समय बाकी हैं. इलेक्शन के लिए तमाम पार्टियों की तैयारी आखिरी चरण में हैं. वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार से 'मिशन कर्नाटक' पर हैं. पीएम मोदी बीजेपी उम्मीदवारों के हक में 6 दिन में ताबड़तोड़ 22 रैलियां करेंगे. प्रधानमंत्री ने बिदर में शनिवार को कहा कि कर्नाटक में विकास परियोजनाओं को जारी रखने और राज्य के आर्थिक विकास के लिए जनता को दोबारा बीजेपी को वोट देकर डबल इंजन की सरकार को फिर एक बार मौका देना चाहिए. पीएम ने कहा कि यह इलेक्शन राज्य में सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि, कर्नाटक को देश में नंबर एक स्टेट बनाने के लिए हो रहा है.
राज्य की जनता विकास चाहती है: PM
बिदर के हुमनाबाद में एक रैली को खिताब करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत को विकसित देश बनाने के लिए कर्नाटक का विकास बहुत जरूरी है. गठबंधन की सरकारों की वजह से राज्य के लोगों को काफी कुछ सहना पड़ा है. गठबंधन की सरकारों का फोकस अवाम पर नहीं होता है. पीएम ने कहा कि जब जनता दल (एस) और कांग्रेस की गठबंधन सरकार थी तो जनता दल (एस) की जवाबदेही कांग्रेस के लिए थी न कि राज्य के लोगों के प्रति. पीएम ने कहा कि राज्य के हर कोने का विकास होना चाहिए. उन्होंने कहा, कर्नाटक के लोग अपने ख्वाबों से पीछे नहीं हटना चाहते हैं. वे बीजेपी का साथ चाहते हैं क्योंकि वे हाईवे और मेट्रो लाइन का निर्माण चाहते हैं, वे राज्य में और वंदे भारत ट्रेन चाहते हैं, राज्य के हर कोने में सहूलत चाहते हैं.
पीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस पर बिल्कुल विश्वास न करें क्योंकि उसने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अपने वादे पूरे नहीं किए. उन्होंने कहा, यदि पूरा पैसा ट्रांसफर किया जाता है तो सिर्फ कांग्रेस वर्कर्स के खातों में. लोगों की भलाई नहीं की जाती. पीएम मोदी ने इल्जाम लगाया कि कांग्रेस समाज को जाति, धर्म और संप्रदायों में बांटती है. वह तुष्टिकरण की पॉलिसी अपनाती है. बीजेपी ने बिदर के शाह राशि अहमद खादरी को पद्म पुरस्कार दिया है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा उन्हें नजर अदाज किया है. पीएम ने कहा कि कर्नाटक को नंबर एक राज्य बनने के लिए डबल इंजन की सरकार काफी अहम है.
Watch Live TV