Karnataka Muslim Reservation: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ठेकों में मुस्लिमों को 4% आरक्षण देने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि यह सामाजिक न्याय और वंचितों को ताकत देने की पहल है। भाजपा के आरोपों पर उन्होंने संविधान का हवाला दिया.
Trending Photos
)
Karnataka Muslim Reservation: कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने मुसलमानों को सरकारी ठेकों में 4 फीसद रिजर्वेशन देने के फैसले का खुलकर बचाव किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मकसद आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर लोगों को मजबूत बनाना है, और इसी सोच के तहत मुसलमानों को ठेकों में रिजर्वेशन दिया गया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले ये रिजर्वेशन 50 लाख तक के कामों पर लागू था, फिर उसे बढ़ाकर 1 करोड़ और अब 2 करोड़ रुपये तक कर दिया गया है. यह रिजर्वेशन उन लोगों को दिया जा रहा है जो OBC वर्ग के 2बी श्रेणी में आते हैं, जिसमें मुसलमान भी शामिल हैं.
सिद्धरमैया ने कहा, “दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए हमने ठेकों में आरक्षण दिया है. पहले मैंने इसे (ठेकों के लिए) 50 लाख रुपये तक किया, फिर इसे बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया. अब हमने इसे 2 करोड़ रुपये कर दिया है. ओबीसी श्रेणी 1, 2ए और 2बी के लिए (मुस्लिम 2बी श्रेणी में आते हैं). उन्होंने (बीजेपी ने) तुष्टीकरण का इल्जाम लगाकर इसे बड़ा मुद्दा बना दिया.”
मुख्यमंत्री ने कहा, “जिनके पास आर्थिक और सामाजिक रूप से ताकत नहीं है, उन्हें ताकत देना - चाहे वह समाज में कोई भी हो, कांग्रेस पार्टी का मिशन और प्रतिबद्धता है.” सिद्धरमैया ने कहा कि उन्हें “उच्च वर्ग विरोधी” बताकर झूठा प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मैं किसी के खिलाफ नहीं हूं, मैं किसी समुदाय के खिलाफ नहीं हूं. जो लोग अवसरों से वंचित रहे हैं, जिन्हें न्याय नहीं मिला है, उनके समर्थन में खड़ा होना हमारे संविधान और बाबासाहेब आंबेडकर की शिक्षा है.
बीजेपी पर लगाए थे संगीन इल्जाम
सिद्धारमैया ने कहा कि बीजेपी उन पर तुष्टिकरण का इल्जाम लगाकर राजनीति कर रही है, जबकि मुसलमान आज भी आर्थिक और शैक्षिक रूप से कमजोर हैं, तो उन्हें मौका क्यों नहीं मिलना चाहिए? उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें गलत तरीके से “उच्च वर्ग विरोधी” बताया जा रहा है. जबकि वह सिर्फ कमजोर तबकों के हक में खड़े हैं.
पीएम मोदी ने बोला था हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा था कि संविधान धर्म के आधार पर रिजर्वेशन की इजाजत नहीं देता. उन्होंने कांग्रेस पर SC, ST और OBC के अधिकार छीनने का इल्जाम लगाया. इस पर उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने जवाब दिया कि कांग्रेस किसी से कुछ छीन नहीं रही, बल्कि जो गरीब हैं, उन्हें उठाने का काम कर रही है. सरकार समाज के हर वर्ग पर ध्यान दे रही है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा.