)
पुणेः भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पदाधिकारियों द्वारा पार्टी के नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया (former MP, Kirit Somaiya) का अभिनंदन करने के बाद शुक्रवार को कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने पुणे नगर निगम (PMC) की सीढ़ियों को गोमूत्र से साफ किया. सोमैया पुणे नगर निगम कार्यालय गए थे और निगम आयुक्त से मुलाकात की थी और आरोप लगाया था कि कोविड-19 उपचार सुविधा के एक केंद्र को संचालित करने के अनुबंध में अनियमितताएं थीं.
नेता को सम्मानित करने से नाराज था कार्यकर्ता
कांग्रेस कार्यकर्ता सचिन अडेकर ने कहा कि उन्होंने पीएमसी की सीढ़ियों को गोमूत्र से साफ किया क्योंकि भाजपा पुणे में गड्ढों जैसे मुद्दों पर बात करने के बजाय सोमैया जैसे नेताओं को सम्मानित करने में व्यस्त है. सोमैया ने शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि पीएमसी आयुक्त ने उनकी बात सुनी और ‘‘माना कि जिस कंपनी को जंबो कोविड अस्पताल केंद्र का अनुबंध दिया गया था, उसमें अनियमितताएं थीं.’’
शिवसेना कार्यकर्ताओं ने किया था हमला
पूर्व सांसद ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि वह कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे.’’ सोमैया ने पांच फरवरी को दावा किया था कि जब वह इस मुद्दे को उठाने के लिए पीएमसी गए थे तो शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया था. हमले के आरोप में शिवसेना की शहर इकाई के अध्यक्ष सहित पार्टी के आठ पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया.
Zee Salaam Live Tv