)
Meerut News: उत्तर प्रेदश के मेरठ में पुलिस ने एक एनकाउंटर के बाद मवेशी चोरी के मामलों में वॉन्टेड दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान आसिफ और रमजान के रूप में हुई है, जो लंबे वक्त से मवेशी चोरी और दूसरी आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे. इस कार्रवाई को पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 2 दिसंबर को मेरठ के पांचली गांव से दो भैंसें चोरी हो गई थीं. इस मामले की जांच के दौरान आसिफ और रमजान के नाम सामने आए. तब से वे फरार थे. मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी इलाके में मौजूद हैं और एक और अपराध करने की योजना बना रहे हैं. इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी.
पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर
जैसे ही पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश की, आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. फायरिंग के दौरान आसिफ के पैर में गोली लगी और वह गिर गया. इसके बाद रमजान को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. घायल आसिफ को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने एनकाउंटर वाली जगह से दोनों आरोपियों के पास से अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है. पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी बंदूक की नोक पर मवेशी चोरी करते थे और विरोध करने वाले लोगों को धमकाते थे.
20 से ज्यादा मुकदमा दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आसिफ और रमजान के खिलाफ मेरठ के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें मवेशी चोरी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन से जुड़े मामले शामिल हैं. दोनों अपराधी मेरठ और आसपास के जिलों में सक्रिय थे और एक संगठित गिरोह के हिस्से के रूप में काम कर रहे थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह के दूसरे सदस्यों और मवेशी चोरी में शामिल नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने कहा कि गिरोह के बाकी सदस्यों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.