)
लखनऊ/मोहम्मद गुफरान: देश के 21 राज्यों के 32 बच्चों को इस साल 26 जनवरी के मौके पर राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2021 दिया जाएगा. इसमें उत्तर प्रदेश के भी पांच बच्चों का सलेक्शन हुआ है. यूपी के पांच बच्चों में संगम नगरी प्रयागराज के मोहम्मद राफे का नाम भी शामिल है. राफे ने आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के क्षेत्र में बड़ी कामयाबी हासिल की है. जिसके लिए ये पुरस्कार दिया जा रहा है.
मोहम्मद राफ़े समेत राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हासिल करने वाले बच्चों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बात भी की. पीएम के खिताब के बाद कलेक्ट्रेट में मौजूद एनआईसी सेंटर से बाहर निकले मोहम्मद राफे और उनका परिवार बहुत खुश दिखा. मोहम्मद राफे इसके पहले भी कई अवार्ड हासिल कर चुके हैं.

राफे 12 जनवरी 2019 को पुणे में हुए "खेलो इंडिया" में गोल्ड मेडल हासिल कर चुके हैं. इसके साथ ही 2019 में मंगोलिया में हुए एशियन गेम्स में कांस्य पदक हासिल कर देश का मान बढ़ा चुके हैं. एशियन गेम्स में 10 साल बाद जिम्नास्टिक्स में ये पदक किसी भारतीय ने हासिल किया है.
पीएम मोदी से वीडियो कांफ्रेन्सिंग के ज़रिए रूबरू हुए मोहम्मद राफे का कहना है कि पीएम मोदी से उन्हें मोटीवेशन मिला है. पीएम मोदी से बात करके राफे अपने कैरियर को लेकर बेहद खुश भी नजर आ रहे हैं. राफे इन दिनों सेना के अंडर में ट्रेनिंग ले रहे हैं और 2024 में होने वाले ओलम्पिक गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं.
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2021 के लिए उत्तर प्रदेश के पांच बच्चों का चयन हुआ है. इसमें प्रयागराज के मोहम्मद राफे के अलावा अलीगढ़ के मोहम्मद शादाब, लखनऊ के व्योम आहूजा, बाराबंकी के कुंवर दिव्यांश सिंह, गौतमबुद्धनगर के चिराग भंसाली.

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र मोहम्मद शादाब (17) ने केनेडी-लूगर यूथ एक्सचेंज एंड स्टडी स्कॉलरशिप के जरिए बेलफास्ट एरिया हाईस्कूल, अमेरिका में पढ़ाई की थी. 97.6 फीसदी अंक हासिल कर स्कूल टॉप किया था. यूनिवर्सिटी के मिंटो सर्किल से कक्षा नौ की पढ़ाई करके शादाब ने स्कॉलरशिप के जरिये बेलफास्ट एरिया हाईस्कूल में दाखिला लिया था और उसे 28 हजार अमेरिकी डॉलर (20.41 लाख रुपये) स्कॉलरशिप मिला था. शादाब का कहना है कि वह संयुक्त राष्ट्र में ह्यूमन राइट अफसर के रुप में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं.
ZEE SALAAM LIVE TV