)
भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार कोरोना के मरीजों की बढ़ती तादाद और विदेशी मुल्कों में कोरोना के नए वेरिएंट की सूचना पर सतर्क हो गई है. राज्य सरकार ने तय किया है कि स्कूलों में 50 फीसदी बच्चे ही आएंगे और बीते एक माह में विदेश से वापस लौटे लोगों की जांच हेागी.
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अफसरों के साथ मीटिंग की और कहा है कि कोरोना के नए वेरिएंट के कुछ देशों में फैलने की जानकारी है. अभी भारत में इसके मामले नहीं मिले हैं, लेकिन हमने मध्य प्रदेश में एहतियात के तौर पर कुछ फैसले लिए हैं. केंद्र सरकार की गाइडलाइन के साथ ही कुछ अतिरिक्त सावधानियां बरती जाएंगी.
चौहान ने आगे कहा , हमने तय किया है कि कल सोमवार से स्कूल खुलेंगे लेकिन बच्चों की मौजूदगी 50 फीसद ही रखी जाएगी. यानी सप्ताह के छह दिनों में बच्चे तीन दिन ही स्कूल जाएंगे. 50 फीसद बच्चे तीन दिन और दूसरे 50 फीसद बच्चे तीन दिन स्कूल पहुंचेंगे. स्कूलों को विकल्प के तौर पर ऑनलाइन क्लास भी जारी रखने होंगे.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अभिभावक अगर बच्चों को स्कूल न भेजना चाहें, तो उनके पास ऑनलाइन क्लास का विकल्प होना चाहिए. बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अभिभावक की सहमति ही जरूरी होगी। यदि वह सहमत हैं, तो ही बच्चे स्कूल जाएंगे.
अस्पतालों में बेहतर इंतजाम किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि मैंने निर्देश दिए हैं कि जो आवश्यक दवाएं हैं, उनकी मौजूदगी यकीनी कर ली जाए. रेमडेसीविर इंजेक्शन समेत अन्य दवा, उपकरणों से लेकर ऑक्सीजन की लाइनों और ऑक्सीजन प्लांट को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं. अस्पतालों में भी सभी इंतजाम करने के लिए मैंने निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री चौहान एक दिसंबर को क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों से चर्चा करेंगे. उनका कहना है कि सबको हम तैयार रखेंगे कि तीसरी लहर आये, तो उससे पूरी क्षमता से लड़ सकें. प्रदेशवासी जागरुक रहें, मास्क लगायें और यथासंभव दूरी बनाये रखें, हाथ पहले की तरह साफ करते रहें.
ZEE SALAAM LIVE TV