Nainital Rape Case: उत्तराखंड के नैनीताल में नाबालिग से रेप मामले में मुस्लिम समाज ने आरोपी उस्मान को बिरादरी से बेदखल कर दिया है. साथ ही पीड़ित लड़की की पढ़ाई, इलाज और जरूरतों का खर्च उठाने का ऐलान किया.
Trending Photos
)
Nainital Osman Rape News: उत्तराखंड के नैनीताल में नाबालिग लड़की से रेप करने वाले मुल्जिम उस्मान के खिलाफ पूरे समाज में गुस्सा है. एक तरफ जहां आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ नैनीताल के मुस्लिम समुदाय ने बेहद सख्त फैसला लिया है. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मुल्जिम उस्मान को अपने समुदाय से बाहर निकालने का ऐलान किया है. इसके साथ ही मुस्लिम समुदाय ने पीड़ित लड़की और उसके परिवार की मदद करने का भी ऐलान किया है.
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि वे अब हैवानियत की शिकार हुई लड़की की शिक्षा, इलाज और अन्य जरूरी खर्च उठाएंगे. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर कहा कि इस जघन्य अपराध का किसी मजहब या समुदाय से कोई लेना-देना नहीं है और समाज में ऐसे दरिंदों के लिए कोई जगह नहीं है.
आरोपी को फांसी की सजा की मांग
मुस्लिम समुदाय के जिम्मेदार लोगों ने साफ कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मुल्जिम के कृत्य से पूरे समाज का सिर शर्म से झुक गया है. समुदाय के लोगों ने कहा कि मुल्जिमों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए और इसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलना चाहिए ताकि लड़की और उसके परिवार को जल्द न्याय मिल सके.
घटना के बाद जमकर बवाल
गौरतलब है कि इस घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिन्दू जागरण मंच समेत कई संगठनों के कार्यकर्ता नैनीताल और हल्द्वानी में जमकर उत्पात मचाया था और मुसलमानों के दुकानों और मकानों में तोड़फोड़ की थी. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई कराने और मुल्जिम उस्मान को फांसी की सज़ा दिलाने की मांग की.
हिंदू संगठनों का अल्टीमेटम
संगठनों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से समाज में भय और असुरक्षा फैलती है. हिंदू संगठनों ने बाजार बंद रखने की अपील भी की और प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि अगर मुल्जिम को कड़ी सजा नहीं दी गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा.