)
Indore News: गरबा में मुसलमानों की एंट्री पर बैन की मांग के बीच मध्य प्रदेश के इंदौर से बड़ी खबर सामने आई हैं.जहां मुस्लिम झूले के ठेकेदार को हिंदू संगठन के लोगों ने भगा दिया है. साथ ही हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा है.
दरअसल, हर साल की तरह इस साल भी इंदौर जिले में कांकेश्वरी मेला आयोजित हो रहा है. मेले के आयोजन के लिए स्थानीय विधायक रमेश मेंदोला ने बच्चों के झूले और अन्य मनोरंजन सुविधाओं का ठेका पालीवाल नाम के एक व्यक्ति को दिया था. आरोप है कि पालीवाल ने फिर यह ठेका एक मुस्लिम युवक फिरोज को दे दिया. इस घटना की जानकारी होते ही हिंदू जागरण मंच के लोग एक्टिव हो गए और कड़ा विरोध दर्ज कराया.
फिरोज को मेले से भगाया
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने इसे हिंदू समाज की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए फौरन कार्रवाई की मांग की. हिंदू संगठन के लोगों ने विधायक रमेश मेंदोला और भाजपा पार्षद जीतू जाटव को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. संगठन के आक्रोश और जनता की भावनाओं को देखते हुए दोनों नेताओं ने तत्काल कदम उठाते हुए फिरोज को मेला मैदान से हटाकर दूसरे झूलों की व्यवस्था शुरू कर दी.
हिंदू संगठनों ने की ये अपील
हिंदू संगठन के नेताओं का कहना था कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़े ठेके गैर-हिंदू व्यक्तियों को देने से समाज में असंतोष पैदा होता है, जो किसी भी रूप में एक्सेप्ट नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि मेला जैसे आयोजनों की पवित्रता और पारंपरिक स्वरूप बनाए रखने के लिए ठेका स्थानीय हिंदू समाज के हाथों में रहना चाहिए. घटना के बाद हिंदू संगठन के लोगों ने विधायक रमेश मेंदोला और पार्षद जीतू यादव की त्वरित कार्रवाई की सराहना की.
गरबा को लेकर बवाल जारी
गौरतलब है कि हिंदू संगठन और बीजेपी नेता गरबा में मुसलमानों के एंट्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं. हिंदू संगठनों ने घोषणा की है कि जहां भी गरबा का आयोजन होगा, वहां किसी भी व्यक्ति के एंट्री से पहले उसके आधार कार्ड की जांच की जाएगी. इस विरोध को देखते हुए, मुस्लिम संगठनों और कई मौलवियों ने मुसलमानों को किसी भी गरबा मेले में शामिल न होने की सलाह दी है.