Pakistan News: पाकिस्तान मुस्लिम लीग के अध्यक्ष नवाज़ शरीफ ने बुधवार को बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल मलिक बलूच से मुलाकात की है. इस मुलाकात में बलूचिस्तान के ताजा हालात पर बात की गई है और इलाके में फिर से शांति बहाल करने का विश्वास दिया गया
Trending Photos
)
Pakistan News: पाकिस्तान मुस्लिम लीग के सद्र नवाज़ शरीफ ने बलूचिस्तान में जारी संघर्ष को राजनीतिक तरीके से सुलझाने की जरूरत पर जोर दिया है और वादा किया है कि वह इलाके में शांति बहाल करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करेंगे. इसकी जानकारी डॉन न्यूज़ की एक रिपोर्ट में दी गई है.
नवाज शरीफ ने बुधवार को अपने घर पर बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल मलिक बलूच से मुलाकात की है, जिसके दौरन उन्होंने यह बात कही है. इस मुलाकात से पहले पाक के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने कुदरती वसाएल से भरे इस इलाके में बढ़ते संघर्ष के बीच विदेशी निवेशकों को सुरक्षा का भरोसा दिया है.
राजनीतिक मुद्दें का हल राजनीतिक तरीके से
इस मुलाकात के दौरान शरीफ और बलूच ने राष्ट्रीय राजनीतिक हालात और बलूचिस्तान के हालत पर बातचीत की है. बलूच के मुताबिक, नवाज़ शरीफ ने कहा, "मैं जल्द ही बलूचिस्तान का दौरा करूंगा और वहाँ के नाराज़ लोगों से मिलूंगा. बलूचिस्तान का मुद्दा राजनीतिक है और इसका हल भी राजनीतिक तरीके से ही निकल सकता है." आगे बलूच ने बताया कि नवाज़ शरीफ बलूचिस्तान के मामलों में निजी तौर से दिलचस्पी लेकर सुलझाने की कोशिश करेंगे.
बलूचिस्तान में प्रोटेस्ट
वहीँ, इस मुलाकात के बाद बलूच ने कहा, "मैंने शरीफ से कहा कि अभी के हालात में उनकी भूमिका बेहद अहम है. हमने सूबे के राजनीतिक मामलों पर गहराई से चर्चा की. वहाँ एक धरना चल रहा है और कई लोग जेल में हैं. नवाज़ शरीफ को इस मामले को बेहतर करने के लिए कदम उठाना चाहिए"
बलूचिस्तान में यह प्रोटेस्ट नेशनल पार्टी-मेंगल के जरिये चलाया जा रहा है, जो कि सरदार अख्तर मेंगल बलूच यकजहती समिति के नेताओं की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ किया जा रहा है.
कई नेता मुलाकात में मौजूद
इस मुलाकात में मौजूद PML के नेता ख्वाजा साद रफीक ने बताया कि बलूच ने नवाज़ शरीफ से बलूचिस्तान के मुद्दों को हल करने के लिए जल्द काम करने की गुजारिश की है. उन्होंने कहा, "जब नवाज़ शरीफ प्रधानमंत्री और अब्दुल मलिक बलूच मुख्यमंत्री थे, उस समय बलूचिस्तान में विकास हुआ था. लेकिन, लोकतंत्र में रुकावट डालने से आज हालात बिगड़ चुके हैं."
वहीँ, सेनेटर जान मोहम्मद बुलैदी ने बताया कि इस मुलाकात में बलूचिस्तान के कानून-व्यवस्था, राजनीतिक अस्थिरता, विकास की धीमी रफ्तार, और कर्मचारियों की गिरफ्तारी पर गंभीर चर्चा हुई है. दोनों पक्षों ने बलूचिस्तान में जारी संकट पर चिंता जाहिर की और इसे जल्द से हल करने के मामले पर जोर दिया है. इसके साथ ही सीमा व्यापार को वैध बनाने, मछली पालन को बढ़ावा देने और अवैध शिकार पर रोक जैसे कई मामलों पर बात हुई है.
दौरे में जलसे भी
पाक के राणा सनाउल्लाह ने कहा, "जैसे ही नवाज़ शरीफ अन्य प्रांतों का दौरा शुरू करेंगे, वहाँ जनसभाएँ और जलसे भी आयोजित किए जाएगें. राजनीति से प्रेरित मामलों को खत्म करना चाहिए और राजनीतिक संवाद की जरूरत है. हमने पहले भी यही कहा था, और आज भी कह रहे हैं. लेकिन, सभी जानते हैं कि बातचीत के लिए कौन तैयार नहीं है."
यह बात उन्होंने PTI संस्थापक इमरान खान पर तंज कशते हुए की है. उन्होंने कहा, "इमरान खान यदि राजनीतिक दलों से बातचीत को तैयार हों, तो समाधान निकाला जा सकता है."