)
मुंबई: नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़ी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. जुमेरात को NCB ने जनूबी मुंबई के डोंगरी (Dongri) इलाके में चल रही ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. कहा जा रहा है कि डोंगरी में चल रही ड्रग्स फैक्ट्री दाऊद इब्राहिम की है जिसे डोंगरी में रहकर चिंकू पठान उर्फ परवेज़ खान संभालता था. छापेमारी के दौरान NCB को करोड़ों रुपये की ड्रग्स और भारी मात्रा में कैश व हथियार भी बरामद हुए हैं.
बता दें कि बुध के रोज़ एनसीबी को परवेज खान उर्फ चिंकू पठान व उसके साथी जाकिर हुसैन फजल हुक शेख के ड्रग्स के धंधे की जानकारी मिली थी. जिसके बाद एनसीबी ने मौके पर पहुंचकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8c,22,25,29 के तहत मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया.
इसके बाद NCB ने नवी मुंबई में घणसोली में चिंकू के घर की तलाशी ली. इस दौरान 2.9 ग्राम हेरोइन, 52.2 ग्राम MD ड्रग्स के अलावा 9MM की पिस्तौल भी बरामद हुई.
NCB ने चिंकू के एक गुर्गे आरिफ भुजवाला के घर पर भी छापेमारी की. भुजवाला के घर से NCB को ऑटोमेटिक ब्लैंक रिवाल्वर और भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ ही 2 करोड़ 18 लाख 25 हजार 600 रुपये कैश बरामद हुए.
बताया जा रहा है कि ये कैश ड्रग्स बेचने से मिला था लेकिन सबसे बड़ा खुलासा ये हुआ कि नूर मंजिल में ड्रग्स की बाकायदा फैक्ट्री चलाई जा रही थी. ये फैक्ट्री चिंकू का गुर्गा आरिफ चलाता था. दाऊद के गढ़ डोंगरी में चलाई जा रही इस फैक्ट्री से 5.69 किलो मेफेड्रोन यानी एमडी ड्रग्स मिली.
इसके अलावा एक किलो Methamphetamine और 6.126 Kg एफेड्रिन ड्रग्स बरामद की गई और ड्रग्स बनाने की मशीनें व इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया गया है.
सूत्रों का कहना है कि चिंकू पठान और आरिफ भुजवाला मुंबई और आसपास के इलाकों में ड्रग्स के कारोबार के नेटवर्क का अहम हिस्सा हैं. पुलिस को शक है कि ये दोनों अंडरवर्ल्ड के ड्रग्स कारोबार के अहम किरदार हैं.
ZEE SALAAM LIVE TV