Peaceful Holi and Namaz: देशभर में होली और जुमे की नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गयी. पिछले 15 दिनों से 14 मार्च को एक साथ पड़ने वाली होली और रमजान के जुमे की नमाज़ का जो डर और संशय बेचा और फैलाया गया, उसे देश के हिन्दू- मुसलमान और ईमानदार प्रशासन ने मिलकर गलत साबित कर दिया.
Trending Photos
)
नई दिल्ली: मुल्कभर में होली और जुमे की नमाज़ सम्पन्न हो चुकी है. हिन्दुओं ने जमकर होली खेली. जी भरकर गुलाल उड़ाया. घर, दरवाज़े, दालान, गली- मोहल्ले, सड़कें, चौक-चौराहे और बाज़ार रंगों से सरोबोर हो गए. आसपास की धरती और आसमान होली के रंगों और खुशबुओं से दमक और गमक उठे. होली के इस सुरूर और खुमार के बीच ही मुसलमानों ने पूरे अकीदत-ओ-एहतराम के साथ मस्जिदों में जाकर जुमे की नमाज़ अदा की..
कई जगह दाढ़ी- टोपी और कुरते पाजामे में मुसलमानों को होली की टोलियों में रंग खेलते और गुलाल उड़ाते भी देखा गया. दिल्ली की जामा मस्जिद के पास जुमा की नामज़ पढ़कर आ रहे नमाजियों पर हिन्दुओं ने फूलों की बारिश की.. कई जगह रंगों में नहाकर भूत बने हिन्दू नौजवान मस्जिदों के आगे नमाजियों के लिए ढाल बनकर खड़े देखे गए. पुलिस वालों ने नमाजियों को और नमाजियों ने पुलिस वालों को फूंलों का हार पहनाया.. हिन्दू और मुसलमानों ने एक दूसरे को गुलाल और गले लगाया..
यही हमारा हिंदुस्तान है. यही हमारी पहचान है. यही हमारी ताकत है. इसी पर हम देशवासी फख्र करते हैं. अपनी इसी अनेकता में एकता के गुमान में दुनिया के दूसरे देशों को उल्हाना देते हैं.
सुकून देने वाली खबर... यह वीडियो सीलमपुर जामा मस्जिद का बताया जा रहा है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि हिंदू समुदाय के लोग जुमे की नमाज अदा कर घर लौट रहे लोगों पर फूल बरसा रहे हैं. #Holi2025 pic.twitter.com/U86kNCFA0q
— तौसीफ आलम (@Tauseefalamzee) March 14, 2025
बस यही सुख मुल्क के कुछ सियासतदानों और नफरती गैंग से देखा नहीं जाता है. वो ये सब देखकर जल जाते हैं. उनके कलेजे पर सांप लोटने लगता है. रमजान में हिन्दुओं के पर्व- त्यौहार और जुमा एक साथ पड़ना कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार ऐसा दावा किया गया था कि रमजान का जुमा और होली लभग 46 साल बाद एक साथ पड़ा था..
कुछ सियासतदानों ने ऊल- जुलूल बयान दिए. हिन्दुओं और मुसलमानों दोनों को डराया.. दोनों के बीच अविश्वास और नफरत पैदा करने और उसे बढाने वाले बयाँ दिए. किसी ने मुसलमानों को धमका दिया तो किसी ने हिन्दुओं को भड़काने की कोशिश की. इस बार कोई अनर्थ हो जाएगा. लोग आपस में भिड जायेंगे. मीडिया ने इसे हवा दिया.. पिछले 15 दिनों से मीडिया से होली- रमजान और हिन्दू मुसलमान को छोड़ दिया जाए तो बाकि सभी ख़बरें गायब रही. लेकिन इस देश की शांतिप्रिय और सहिष्णु अवाम ने सभी के नफरती अजेंडे को ध्वस्त कर दिया है..
रात के आठ बजने को है. टकराव और बदमाशियों के एक दो छिटपुट हादसों को छोड़े दें, तो कहीं से कोई ऐसी खबर नहीं आयी कि कहीं किसी हिन्दू ने नमाज़ पढ़ने जा रहे मुसलमान का रास्ता रोक दिया हो, या कहीं किसी मुसलमान ने हिन्दुओं का रास्ता रोक दिया हो. देश के हिन्दू और मुसलमानों दोनों ने मिलकर नफरत के अजेंडे को ध्वस्त कर दिया.. नफरती सियासत और मीडिया दोनों को निराश कर दिया है. दोनों समुदायों ने साबित कर दिया है, कि होली या रमजान हिन्दुओं या मुसलमानों का नहीं देश का पर्व है. हमारा त्यौहार है.
उत्तर प्रदेश के सबसे संवेदनशील बताये जाने वाले संभल में दोनों समुदायों ने शांतिपूर्ण माहौल में होली मनाई और जुमे की नमाज़ अदा की. अलीगढ, जौनपुर, गोरखपुर, लखनऊ, मथुरा, बनारस, मुरादाबाद, सहारनपुर, शाजापुर हर जगह हर्षोल्लास के साथ होली और अकीदत के साथ जुमे की नमाज़ हुई. इस दौरान पुलिस और प्रशासन मुस्तैद रहा. सुरक्षा में तैनात रहा.. उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश हर जगह शान्तिपूर्ण माहौल में होली और जुमे की नमाज़ एक साथ मनाई और पढ़ी गई..
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मुसलमानों ने जमकर होली खेली है. pic.twitter.com/oIgEg1Ecct
— तौसीफ आलम (@Tauseefalamzee) March 14, 2025
इस दौरान पुलिस और प्रशासन की कानून और व्यवस्था को बनाए रखने की ईमानदार कोशिश और मुस्तैदी काबिल-ए-तारीफ रही. पुलिस- प्रशासन ने जी जान लगाकर लॉ एंड आर्डर को मेंटेन किया. उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर में होली में हुड्दंड करने वाले और पुलिस के बीच थोड़ी झड़प भी हुई, लेकिन पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल कर लिया. ऐसा लगा कि पुलिस पहली बार किसी राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर देश और जनता के सेवा में लगी हुई थी.
कुछ घटनाएं ज़रूर हुई होंगी..जो आने वाले दिनों में रिपोर्ट होंगी.. लेकिन वो इस देश, यहाँ के आम हिन्दू या मुसलमानों का चरित्र नहीं है..
मुस्लिम माइनॉरिटी की ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें https://zeenews.india.com/hindi/zeesalaam