Advertisement
trendingNow,recommendedStories0/zeesalaam/zeesalaam1157153
Zee SalaamZee Salaam ख़बरेंलखीमपुर में एक बार फिर विधायक की स्कॉर्पियो से कुचलकर मरे दो बाइक सवार युवक

लखीमपुर में एक बार फिर विधायक की स्कॉर्पियो से कुचलकर मरे दो बाइक सवार युवक

पुलिस सूत्रों के अनुसार स्कॉर्पियो गाड़ी का पंजीकरण लखीमपुर सदर क्षेत्र के भाजपा विधायक योगेश वर्मा की पत्नी के नाम पर है और वाहन पर विधायक लिखा हुआ है.

लखीमपुर में एक बार फिर विधायक की स्कॉर्पियो से कुचलकर मरे दो बाइक सवार युवक

लखीमपुर खीरीः पीलीभीत-बस्ती राजमार्ग पर लखीमपुर खीरी शहर कोतवाली क्षेत्र के पांगी खुर्द गांव में एक पेट्रोल पंप के पास कथित तौर पर सदर विधायक की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के अनुसार घटना रविवार देर रात्रि की है. इस घटना के बाद सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. यादव ने आरोप लगाया, ‘‘उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है, हर तरफ दूनी रफ्तार से अपराधी तत्व अपना आतंक फैला रहे हैं और भाजपाइयों द्वारा सत्ता के डबल इंजन की पॉवर वाली गाड़ी से लोगों को रौंदने का सिलसिला भी बेरोकटोक चल रहा है.’’ 

मृतकों की हुई पहचान 
अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक की गाड़ी से लखीमपुर खीरी में दो भाइयों की कुचलकर मौत हो गई. हादसे में मारे गये युवकों की पहचान शहर कोतवाली क्षेत्र के किरतपुर गांव के रहने वाले रवि (22) और उसके रिश्तेदार सुमित (25) के रूप में हुई है. दोनों पड़ोसी गांव रामपुर से घर लौट रहे थे.

स्कॉर्पियो भाजपा विधायक योगेश वर्मा की पत्नी के नाम पर 
पुलिस सूत्रों के अनुसार स्कॉर्पियो गाड़ी का पंजीकरण लखीमपुर सदर क्षेत्र के भाजपा विधायक योगेश वर्मा की पत्नी के नाम पर है और वाहन पर विधायक लिखा हुआ है. चुनावी हलफनामे में विधायक ने इस वाहन का ब्योरा दिया था. सूत्रों ने बताया कि इस गाड़ी का उपयोग विधायक करते हैं, लेकिन हादसे के वक्त वह वाहन में मौजूद नहीं थे. योगेश वर्मा लखीमपुर शहर निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार भाजपा के विधायक हैं. अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अरुण कुमार सिंह ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बाइक और एक स्कॉर्पियो की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि हादसे के लिए जिम्मेदार स्कॉर्पियो भाजपा विधायक के परिवार के एक सदस्य के नाम पर है. उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

घटना के बाद चालक गिरफ्तार 
सूत्रों ने कहा कि कार चालक मुनेंद्र दुर्घटना के बाद भाग गया था लेकिन उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने सोमवार को उसे जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई. गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले में ही पिछले वर्ष तीन अक्टूबर को किसानों के विरोध प्रदर्शन में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा पर एसयूवी वाहन से चार किसानों और एक पत्रकार को कुचल कर मारने का आरोप लगा था. इस मामले में किसानों की शिकायत पर पुलिस ने आशीष मिश्रा और उसके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था. बाद में अदालत से आशीष मिश्रा को जमानत मिल गई थी. उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा आशीष को दी गई जमानत को रद्द कर दिया है. 

Zee Salaam Live Tv

TAGS

Trending news