Operation Sindoor: हजरत सैयद अशरफ किछौछवी और जमात-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सैयद सदातुल्लाह हुसैनी समेत धार्मिक नेताओं ने ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ की और पाकिस्तान में आतंकी शिविरों पर भारतीय सेना के हमले का समर्थन किया. उन्होंने एकता, शांति और सांप्रदायिक नफरत को खारिज करने का आह्वान किया.
Trending Photos
)
Operation Sindoor: ऑल इंडिया उलमा व मशाइख बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्ल्ड सूफी फोरम के चेयरमैन हजरत सैय्यद मोहम्मद अशरफ किछौछवी ने ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी पर सेना को मुबारकबाद दी है. उन्होंने कहा कि जो दहशतगर्दों मासूम लोगों का खून बहा रहे थे, उन्हें उनकी सजा मिलनी ही चाहिए थी. आज देश की सेना ने वो कर दिखाया है, जिससे शहीदों के परिवारों को दिल से सुकून मिला है.
हजरत ने सेना की प्रेस ब्रीफिंग की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि सेना ने देशवासियों को एकता और भाईचारे का संदेश दिया है. साथ ही बताया कि आतंकवादी हमारे देश में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और हिंदू-मुसलमान में झगड़ा कराने की साजिश कर रहे हैं. ऐसे लोग जो धर्म के नाम पर लोगों को बांट रहे हैं, वो दरअसल आतंकियों के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं.
मशाइख बोर्ड के चीफ ने क्या कहा?
हजरत ने कहा कि हमारी एकता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है. अब हर भारतीय को समझना होगा कि धर्म के नाम पर लड़ाने वाले देश और सेना दोनों के दुश्मन हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि आज शाम 7 बजे होने वाली मॉक ड्रिल में पूरा सहयोग करें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचें. उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसी बात न फैलाएं और न ही किसी गलत खबर का हिस्सा बनें. देश की सुरक्षा और शांति में सभी की भागीदारी ज़रूरी है.
जमात-ए-इस्लामी हिंद के चीफ ने क्या कहा?
वहीं, जमात-ए-इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सय्यद सादतुल्लाह हुसैनी ने बुधवार को ऑपरेशन सिंदूर का समर्थन किया. इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किया. हुसैनी ने कहा कि आतंकवाद इंसानियत के खिलाफ घिनौना जुर्म है और देश की शांति और सुरक्षा के लिए इसका खत्म होना बहुत ज़रूरी है. उन्होंने कहा, "हम आतंकवाद को देश और समाज के लिए बड़ा खतरा मानते हैं और इसका पूरी तरह से सफाया होना चाहिए."
पाकिस्तान को दी चेतावनी
सय्यद सादतुल्लाह हुसैनी ने कहा कि देश की सभी धर्म और समुदाय के लोग एकजुट होकर सेना और सुरक्षा एजेंसियों के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा, "आतंकवाद के खिलाफ जो कदम उठाया गया है, उसका समर्थन पूरे देश ने किया है." साथ ही हुसैनी ने चेतावनी दी कि इस मुश्किल घड़ी में कोई भी राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति या धार्मिक नफरत फैलाने की कोशिश न करे. उन्होंने कहा कि देश को इस समय एकजुट रहने की जरूरत है और किसी भी तरह की सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली बातों को सख्ती से खारिज किया जाना चाहिए.