)
डॉ. अनवर खान/भोपाल: कौन कहता है कि आसमां में सुराख नहीं होता, जरा एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो. इस शेर को भोपाल के नवाबी परिवार से ताल्लुक रखने वाली 27 साल की नवाबजहां बेगम ने सच साबित कर दिया है. नवाबजहां चाकू की नोक का इस्तेमाल कर खूबसूरत तस्वीरें बनाती हैं. उनका यह कारनामा देश और दुनिया में मशहूर हो गया है. नवाबजहां के काम के लिए हावर्ड रिकॉर्ड सहित कई दूसरे पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है.
नवाबजहां की बनाई हुई सीनरी मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट, मालदीप रिसोर्ट तथा मुंबई की एग्जीबिशन में भी मौजूद हैं. मुंबई के होटल ताज में भी उनकी बनाई हुई पेंटिंग की अक्सर तरीफ होती है. इतना ही नहीं दिल्ली, बैंगलोर और हैदराबाद में भी उनकी बनाई हुई पेंटिंग के दीदार किए जा सकते हैं.

गोल्ड और सिल्वर से बनाती हैं पेंटिंग
नवाबजहां बेगम ने ज़ी सलाम से बताया कि उन्हें बचपन से ही ड्राइंग का बहुत शौक था. वो बचपन में पेंसिल से घर की दीवारों पर पेंटिंग करती रहतीं थीं. बड़ी हुईं तो यह शौक जूनून में बदल गया और सेंट जोसेफ स्कूल में पढ़ाई के दौरान उन्होंने सिस्टेमेटिक चित्रकला बनाना सीखा.
इसके बाद उन्होंने भोपाल के शासकीय हमीदिया कॉलेज से डाइंग-पेंटिंग का कोर्स किया. पढ़ाई करते हुए बेगम के इस शौक को पंख लग गए. बेगम पेंटिंग बनाने में गोल्ड और सिल्वर का इस्तेमाल करती हैं और पूरी ड्राइंग चाकू की नोक का इस्तेमाल कर बनाती हैं. उनकी एक पेंटिंग की कीमत एक लाख रुपए से लेकर 10 लाख तक होती है.

हूबहू फरारी की पेंटिंग अबूधाबी के फरारी पार्क में
बेगम ने कुछ ही महीनों पहले रेड कलर की फरारी कार की ड्राइंग बनाई और उसे इंस्ट्राग्राम, फेसबुक और ट्वीटर पर शेयर किया. सोशल मीडिया में चर्चित होने पर अबूधाबी फरारी पार्क से फरारी के सीईओ का मैसेज उनके पास आया और उन्हें अबूधाबी फरारी पार्क पेंटिंग लेकर बुलाया गया. बेगम खुशी-खुशी अबूधाबी पहुंची और वहां फरारी के CEO को पेंटिंग गिफ्ट की. उनकी इस पेंटिंग से खुश होकर फरारी पार्क प्रबंधक ने उन्हें 20 दिनों का ट्रिप अपनी ओर से कराया था.

कई देशों में पेंटिंग प्रतियोगिता में ले चुकी हैं हिस्सा
नवाबजहां बेगम कई देशों में लगने वाली पेंटिंग प्रतियोगिता में शिरकत कर चुकी हैं. इसमें मलेशिया, शिंगापुर, इंडोनेशिया, दुबई, ओमान, अबूधाबी, इंग्लैड सहित 12 देश शामिल हैं. नवाबजहां बेगम की इस कामयाबी पर उनके माता-पिता, रिश्तेदारों और दोस्तों ने उन्हें मुबारकबाद दी है. नबाजहां बेगम ने बताया कि कोरानाकाल खत्म होने के बाद वह भोपाल में एक बड़ी एक्सीबिशन आयोजित करेगीं. जिसमें तकरीबन 25 देशों के होनहार चित्रकार शामिल होंगे. इसके लिए वह पूरी तैयारी में लगी हुई हैं.
Video: