)
नई दिल्ली: बॉलीवुड के अज़ीम अदाकार इरफान खान (Irfan Khan) और श्रीदेवी (Sridevi) को लेकर पाकिस्तान के टीवी शो पर मज़ाक उड़ाया गया है. पाकिस्तान टीवी शो के एंकर आमिर लियाकत ने शो पर बतौर मेहमान पहुंचे अदाकार अदनान सिद्दीकी से कहा, 'आपकी वजह से दो अदाकारों की जान बच गई क्योंकि आपने उनके साथ काम करने से इंकार कर दिया था, लेकिन आपने इरफान खान और श्रीदेवी के साथ काम किया उनका इंतकाल हो गया. आप जिसके भी साथ काम करते हैं, उसका इंतकाल हो जाता है.' हालांकि, इस बात को लेकर एक्टर अदनान सिद्दीकी ने सोशल मीडिया पर माफी भी मांग ली है.
अदनान सिद्दीकी ने ट्वीट किया,'एंकर आमिर लियाकत (Amir Luaquat) साहब ने इस बात (इरफान खान और श्रीदेवी की मौत) को लेकर हस्सास मज़ाक कर दिया था. वे दोनों (इरफान खान और श्रीदेवी) मेरे बहुत करीब थे. एक इंसान के तौर पर भी, इसलिए एंकर का मज़ाक कई मायनों में गलत था. गुजर चुकी इन दो हस्तियों के बारे में इस तरह का घटिया मज़ाक करना नफरत से भरा काम है. उनका (एंकर का) ऐसा करना सिर्फ उनके ही गलत अक्स को नहीं दिखाता बल्कि मेरी और हमारे मुल्क की भी खराब इमेज को रोशनी देता है.'
अदनान सिद्दीकी के इस ट्वीट पर लोग तरह तरह के तबसिरे कर रहे हैं और आमिर लियाकत को डंप करने की बातें भी कह रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, 'हमेशा की तरह वह कीड़ा फिर से रेंगता हुआ इंडस्ट्री में आ जाएगा.' सोशल मीडिया पर आमिर लियाकत को लेकर लोग बैन करने की मांग कर रहे हैं. जब लोगों ने एंकर को ट्रोल करना शुरू किया तो उसने भी एक वीडियो जारी कर सबसे माफी मांगी है.
Zee Salaam Live TV