)
Lakhimpur News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के एक सरकारी स्कूल में तिरंगे के स्थान पर कथित तौर पर फिलिस्तीनी झंडा फहराया गया. यह घटना फूलबेहड़ कोतवाली क्षेत्र के लखहा गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय की है. माना जा रहा है कि किसी ने फिलिस्तीन के समर्थन में ये झंडा लगा दिया था.
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों ने स्कूल भवन से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा उतार दिया और उसकी जगह फ़लस्तीनी झंडा लगा दिया. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. लखहा गांव के निवासी संजय त्रिवेदी ने चौकी इंचार्ज सुंदरवल को लिखित शिकायत दी. अपने आवेदन में उन्होंने गांव के तीन लोग सद्दाम, बऊरा और दूसरे चार अज्ञात व्यक्तियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है.
SP ने क्या कहा?
शिकायत के आधार पर फूलबेहड़ कोतवाली में कुल सात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है. इनमें तीन नामजद और चार अज्ञात शामिल हैं. SP संकल्प शर्मा ने पुष्टि की है कि इस मामले में मुख्य आरोपी सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि यह गंभीर अपराध है क्योंकि इसमें राष्ट्रीय ध्वज से छेड़छाड़ और दूसरे देश का झंडा फहराने का आरोप है. मामले की गहनता को देखते हुए प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करने की बात कह रहा है.
इजरायल गाजा में कर रहा है नरसंहार
गौरतलब है कि इजरायल पिछले दो सालों से गाजा में नरसंहार कर रहा है. इस नरसंहार में अब तक 63 हज़ार से ज़्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं. इनमें ज़्यादातर बच्चे और महिलाएं हैं. दुनिया भर में लोग गाजा के समर्थन में रैलियां निकाल रहे हैं और इस नरसंहार के लिए इजरायल की निंदा कर रहे हैं.