)
भोपाल: जहां पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा हुआ है वहीं मध्य प्रदेश से एक दूसरे को बांटने वाली खबर आई है. मध्य प्रदेश के महू जिले में दो समूहों के बीच हाथापाई के दौरान विस्फोटक फेंके जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. हादसे के बाद से इलाके में तनावपूर्ण शांति है. गांव में पुलिस तैनात की गई है. मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है.
घटना रविवार देर रात की है, जब बेरछा गांव में दो गुटों के लोग स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी कर रहे थे. रिपोटरें के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा शराब पीने और दूसरे समूह पर टिप्पणी करने के बाद झगड़ा शुरू हुआ. पुलिस ने कहा कि दोनों समूह एक-दूसरे से परिचित हैं और वे अक्सर संपत्ति के मुद्दों पर लड़ते हैं.
सूत्रों ने बताया कि हाथापाई की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति सामान्य हो गई. हालांकि पुलिस के मौके से जाने के बाद दोनों पक्षों के लोग फिर भिड़ गए. इसी दौरान किसी ने विस्फोटक फेंका, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. पुलिस भी हैरत में है कि उसकी मौजूदगी में विस्फोटक फेंका गया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सूत्रों ने कहा कि संभवत: विस्फोटक बेरछा सेना प्रशिक्षण केंद्र से लाए गए थे, जो घटनास्थल के करीब स्थित है. महू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शशिकांत कंकाने ने कहा, "घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया है. गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. हम मामले की जांच कर रहे हैं." इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. (आईएएनएस)
इसी तरह की और खबरों को पढ़ने के लिए Zeesalaam.in पर विजिट करें.