)
नई दिल्ली: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी ने इंटरव्यू दिया है. कल से उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव होने हैं ऐसे में नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू अहम माना जा रहा है.
पीए मोदी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए अपने खास इंटरव्यू में कहा कि ''भारतीय जनता पार्टी हार-हार कर ही जीतने लगी है. हमने बहुत पराजय देखे हैं, ज़मानत ज़ब्त होती देखी हैं. एक बार जनसंघ के समय चुनाव हारने पर भी मिठाई बांटी जा रही थी, तो हमने पूछा की हारने पर मिठाई क्यों बांट रहे हैं? तब बताया गया कि हमारे तीन लोगों की ज़मानत बच गई.''
पीए मोदी ने लखीम पुर खीरी मामले पर कहा कि ''सुप्रीम कोर्ट जो कमेटी बनाना चाहती थी, राज्य सरकार ने सहमति दी. जिस जज के नेतृत्व में जांच चाहती थी सरकार ने सहमति दी. राज्य सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है तभी सुप्रीम कोर्ट की इच्छा के अनुसार सारे निर्णय करती है''.
PM मोदी ने कहा कि "मैं इस चुनाव में सभी राज्यों में देख रहा हूं कि बीजेपी के प्रति लहर है, भारी बहुमत से भाजपा जीतेगी. हमें सेवा का मौका इन सभी 5 राज्यों की जनता देगी. जिन राज्यों ने हमें सेवा का मौका मिला है उन्होंने हमें परखा है, हमारे काम को देखा है."
पीए मोदी ने कहा कि "देश में एक कल्चर चला है, राजनेता बोलते रहते हैं कि हम ये करेंगे, वो करेंगे. 50 साल बाद भी कोई अगर वो काम कर देगा तो कहेंगे कि हमने ये उस समय कहा था, ऐसे लोग बहुत मिल जाएंगे."
पीएम मोदी ने कहा, "मैं चीन के राष्ट्रपति को तमिलनाडु ले गया, फ्रांस के राष्ट्रपति को उत्तर प्रदेश ले गया, जर्मन चांसलर को कर्नाटक ले गया. देश की शक्ति को उभारना, हर राज्य को प्रोत्साहन देना हमारा काम है. यूएन में मैं तमिल में बोलता हूं दुनिया को गर्व होता है कि भारत के पास दुनिया की सबसे पुरानी भाषा है."
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैंने किसी के पिता, माता, नाना, दादा के लिए कुछ नहीं कहा. मैंने देश के प्रधानमंत्री ने क्या कहा, वो कहा है. मैंने बताया कि एक प्रधानमंत्री के ये विचार थे तब क्या स्थिति थी और आज प्रधानमंत्री के ये विचार हैं तब क्या स्थिति है."
PM मोदी ने कहा कि ''आज भारतीय जनता पार्टी पंजाब में सबसे विश्वसनीय पार्टी बनकर उभरी है. समाज जीवन के बहुत से वरिष्ठ लोग, राजनीति के बहुत बड़े महारथी भी अपने पुराने दल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए हैं. हमने छोटे किसानों के लिए जो काम किया है, उसकी पंजाब में ज़बरदस्त पहुंच है''.
प्रधानमंत्री ने कहा, "कोविड महामारी में सब कहते थे कि जो जहां है वो वहीं रहे. कांग्रेस ने फ्री टिकट देकर लोगों को प्रोत्साहित किया कि जाइए. दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी के नेताओं ने जीपों में जाकर झोपड़ियों में लोगों को कहा है कि आप जल्दी जाइए यहां लॉकडाउन हो रहा है."
"कांग्रेस की कार्यशैली और विचारधारा के आधार सम्प्रदायवाद, जातिवाद, भाषावाद, प्रांतवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार हैं. अगर यही इस देश की मुख्य धारा में रहेगा तो देश का कितना बड़ा नुकसान होगा."
पीएम मोदी ने कहा कि ''देश की आज जो हालत है उसमें सबसे ज़िम्मेदार कोई मुख्य धारा है तो वे कांग्रेस है. इस देश को जितने प्रधानमंत्री मिले उसमें अटल जी और मुझे छोड़कर सारे प्रधानमंत्री कांग्रेस स्कूल के ही थे''.
''मैं समाज के लिए हूं परन्तु मैं जो नकली समाजवाद की चर्चा करता हूं ये पूरी तरह परिवारवाद है. लोहिया जी का परिवार कहीं नजर आता है क्या? जॉर्ज फर्नांडिस का परिवार कहीं नजर आता है क्या? नीतीश बाबू का परिवार कहीं नजर आता है क्या?''
पीएम मोदी ने कहा कि ''एक बार किसी ने मुझे चिट्ठी भेजी थी कि उ.प्र. में समाजवादी पार्टी के परिवार से 45 लोग ऐसे थे जो किसी न किसी पद पर थे. किसी ने मुझे कहा कि उनके पूरे परिवार में 25 साल से अधिक आयु के हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है''
पीएम मोदी ने कहा कि ''कुछ नेता निजी स्वार्थ के लिए विविधता को एक दूसरे से साथ विरोध के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं. पिछले 50 साल उन्होंने यही किया है, हर बात पर देश को बांटों और राज करो''
पीएम मोदी ने कहा कि ''परिवारवादी पार्टियां लोकतंत्र का सबसे बड़ा दुश्मन है. जब परिवार ही सर्वोपरि होता है, परिवार को बचाओ पार्टी बचे न बचे, देश बचे न बचे. ये जब होता है तो सबसे बड़ा नुकसान प्रतिभा को होता है. सार्वजनिक जीवन में जितनी अधिक प्रतिभा आए वो जरूरी है''.
पीएम मोदी ने ठोको नीति पर कहा कि "हिंदुस्तान की ज्यूडिशियरी वाइब्रेंट है. ये बहुत ही सक्रिय है और कभी कभी तो प्रोएक्टिव है. अगर ऐसा कुछ भी हुआ होता तो हिंदुस्तान की न्यायपालिका ने ज़रूर कदम उठाए होते और पीआईएल करने वालों की कमी नहीं है हमारे देश में, ऐसी बहुत बड़ी जमात है जिनकी रोज़ी रोटी पीआईएल पर है. वो तो तुरंत पहुंच जाते, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो रहा है. मतलब वो न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर काम करते हैं."
उत्तर प्रदेश में गठबंदन पर पीएम मोदी ने कहा कि ''ये दो लड़कों वाला खेल तो हमने पहले भी देखा है। इतना अहंकार था कि उन्हें 'गुजरात के दो गधे' ये शब्द प्रयोग किया था और उत्तर प्रदेश की जनता ने उन्हें हिसाब दिखा दिया''.
पीएम मोदी ने कहा कि "बीजेपी का मंत्र है, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास. हमने हमारे इन सिद्धांतों को कभी बदला नहीं है. आपने मेरे मुह से इसे सैकड़ों बार सुना होगा. मैं ये देख रहा हूं कि दुनिया के देश भी मेरी इस वाक्य का अपनी भाषा में ट्रांसलेशन कर के सुनाते हैं कि मोदी इन सिद्धांतों पर काम करते हैं...समाज व्यवस्था है, इसे कोई नकार नहीं सकता."
Video: