)
नई दिल्ली : कोरोना वायरस के खिलाफ मुल्क की जंग की जारी है. हिंदुस्तान में 3 मई तक लॉकडाउन है. सभी रियासतों में कोरोना से बने हालात को लेकर पीएम मोदी ने मुल्क के सभी रियासतों के वुज़राए आलाओं से बात की. करीब 3 घंटे चली इस बैठक में कई अहम बातों को लेकर चर्चा की गई.
इस मीटिंग में शामिल हुए वज़ीरे दाखिला अमित शाह ने कहा कि ये जंग लंबी है हमें धैर्य के साथ ये लड़ाई लड़नी होगी.कोरोना वायरस पर काबू पाने से लेकर वज़ारते दाखिला ने भी इस महामारी से निपटने के संबंध में कई जानकारी दी. इस मीटिंग में लॉकडाउन से लेकर कोरोना मरीजों की बढ़ती तादाद पर भी बातचीत की गई.
पीएम मोदी ने कहा हमारी सामूहिक कोशिशों का कुछ हद तक असर दिख रहा है. लॉकडाउन का असर पड़ा और हमें इसका फायदा भी दिख रहा है. ज़राए के मुताबिक कोरोना के हालात पर पीएम ने समीक्षा करते हुए कहा कि लॉकडाउन खोलने को लेकर रियासते अपनी नीतियां तैयार करे. सबको जोन बनाकर लॉकडाउन खोलने की नीति बनानी होगी. ये देखना होगा रेड ऑरेन्ज और ग्रीन जोन को कैसे खोलना होगा.
सभी रियासतों के सीएम ने भरोसा दिलाया है वो मरकज़ी हुकूमत के साथ हैं. हालांकि इस बीच बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कोटा में फंसे तलबा को वापस लाने का मुद्दा उठाया उन्होंने कहा कि हुकूमत की नीति सबके लिए एक होनी चाहिए.बता दें कि इस मीटिंग में केरल के सीएम पी. विजयन शामिल नहीं हुए. फिलहाल इसकी वजह सामने नहीं आई है.
बता दें कि लॉकडाउन में पीएम मोदी ने सभी रियासतों के सीएम के साथ यह तीसरी मीटिंग थी. मुल्क में 24 मार्च को लॉकडाउन का ऐलान किया गया था उससे पहले 20 मार्च को भी पीएम मोदी ने सभी रियासतों के सीएम से बात की थी. इस कॉन्फ्रेसिंग कॉल के बाद पूरे मुल्क में 21 दिनों का लॉकडाउन लगाया गया था. जिसके बाद 11 अप्रैल को फिर पीएम मोदी ने रियासतों के सीएम के साथ मीटिंग की थी. और इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कॉल के बाद 3 मई तक के लिए लॉकडाउन को बढ़ाया गया था.
Watch Zee Salaam Live TV