Barmer Ramnavami Shobhayatra: देश के अलग- अलग हिस्सों के साथ ही बाड़मेर में भी हर्षोल्लास के साथ रामनवमी के मौके पर शोभायात्रा निकाली गई. इस दौरान यात्रा का इस्तकबाल करते हुए मुस्लिम समुदाय के ज़रिए ज़बरदस्त पुष्प वर्षा की गई.
Trending Photos
)
Muslims Flower Shower on Shobhayatra: गुरुवार को रामनवमी को मौके पर राजस्थान के बाड़मेर में गंगा-जमुनी तहज़ीब की नज़ीर देखने को मिली. रामनवमी महापर्व पर आयोजित विशाल शोभायात्रा का आम मुस्लिम समाज द्वारा स्थानीय सिटी कोतवाली के सम्मुख स्टेशन रोड पर इस्तकबाल करते हुए जबरदस्त पुष्प वर्षा की गई. कार्यक्रम का आयोजन थार मुस्लिम एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी, मुस्लिम इंतजामिया कमेटी, मुस्लिम युवा कमेटी व जसनाथ एकेडमी स्कूल की तरफ से किया गया था. कोतवाली के सम्मुख स्टेशन रोड पर मुस्लिम भाई- बहनों ने सोसाइटी के कंवीनर और सामाजिक कार्यकर्ता अबरार मोहम्मद के नेतृत्व में हिंदू मुस्लिम एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाथों में अभिनंदन बैनर, पुष्प की थालियां व मालाएं लेकर पहुंची.
रामनवमी के मौक़े पर भारतीय संस्कृति और एकता को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए मुस्लिम भाइयों ने श्री राम के जन्मोत्सव पर आयोजित रामनवमी शोभायात्रा की बधाई और शुभकामनाएं पेश की. तक़करीब 12 बजे रामनवमी की विशाल शोभायात्रा स्टेशन रोड पहुंची. यहां मुस्लिम समाज द्वारा हिंदू समाज के प्रबुद्धजनों सहित संत महात्माओं को माला पहनाकर उनका शानदार स्वागत किया गया व शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की गई. इस दौरान हिंदू भाइयों ने पुष्प वर्षा कर रहे मुस्लिम भाईयों को गले लगाकर एकता का पैग़ाम आम किया.
मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदर मोहम्मद मंजूर कुरेशी ने बताया कि बाड़मेर की कौमी एकता बेमिसाल है. यहां के लोग समझदार और मिलनसार है. यहां हिंदू और मुस्लिम भाई एक दूजे के पर्व का ख्याल रखते हुए सम्मान करते हैं. थार मुस्लिम एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी के संयोजक अबरार मोहम्मद ने बताया कि प्रत्येक भारतीय को सभी धर्मों का सम्मान करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए. इंसानियत से बड़ा कोई मजहब नहीं और कोई भी धर्म व मजहब हमें आपस में बांटना नहीं सीखाता. ऐसे आयोजनों से बच्चों व नौजवानों में अच्छी सीख पनपेगी और देश के बेहतर निर्माण में वो अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे. कमेटी नायब सचिव हारून भाई ने कहा कि हाथों में गीता रखेंगे, सीने में कुरान रखेंगे. शंख बजे भाई चारे का ऐसी एक अजान रखेंगे. मंदिर रखेंगे, मस्जिद रखेंगे. लेकिन उससे पहले हिंदुस्तान की शान रखेंगे.
विशाल रामनवमी शोभायात्रा के दौरान सबसे आकर्षक नजारा 38 नंबर झांकी रही. इस झांकी में मुस्लिम समुदाय के मोहम्मद रफीक के पोते अदनान खां राम, जिशान लक्ष्मण और जैसमीन बानू को सीता के रूप में चरितार्थ किया गया, जिसे देख हर एक आश्चर्य चकित रह गया. हिंदू मुस्लिम एकता का अद्भुत नज़ारा देखकर आमजन ने इसे सामाजिक सद्भाव की मिसाल बताते हुए सही मायने में इसे भारतीय संस्कृति बताया.
Watch Live TV