)
Lalu Prasad Yadav: बिहार के एक्स सीएम और आरजेडी चीफ़ लालू प्रसाद यादव की मुश्किलात कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार मामले में एक बार फिर से जांच शुरू कर दी है. सीबीआई ने जिस मामले में लालू के ख़िलाफ़ जांच शुरू की है, वो रेलवे प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. केंद्रीय जांच ब्यूरो ने साल 2018 में रेलवे प्रोजेक्टस के अलॉटमेंट में बदउन्वानी के इल्ज़ामात की जांच शुरू की थी. मई 2021 में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के ख़िलाफ़ जांच बंद कर दी गई थी.
CBI ने फिर शुरू की जांच
लालू प्रसाद यादव के अलावा, उनके बेटे और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और बेटियां चंदा यादव और रागिनी यादव इस मामले के मुल्ज़िमीन की लिस्ट में शामिल हैं. लालू प्रसाद यादव के ख़िलाफ़ इस मामले को फिर से जांच करने का फैसला उस वक़्त सामने आया जब बीते दिनों ही बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बीजेपी से रिश्ता तोड़कर आरजेडी के साथ मिलकर बिहार में हुकूमत बनाई. बीजेपी से नाता तोड़ने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने उस वक़्त इल्ज़ाम लगाया था कि बीजेपी उनकी पार्टी को तोड़ने का मंसूबा बना रही है.
बिहार में बढ़ेगा सियासी पारा
सीबीआई के इस एक्शन से बिहार की सियासत में एक बार फिर सियासी गहमा-गहमी देखी जा सकती है और बड़े पैमाने पर सियासी विवाद खड़ा होने का अंदेशा ज़ाहिर किया जा रहा है. इस मामले में इल्ज़ाम लगाया गया है कि लालू प्रसाद यादव ने रियल एस्टेट चीफ़ डीएलएफ ग्रुप से रिश्वत के तौर पर साउथ दिल्ली की एक संपत्ति ली थी. इस डील में यादव कुनबे के कुछ और लोगों के शामिल होने की बात भी सामने आ रही है. सीबीआई ने अपनी जांच ऐसे समय में शुरू की है कि जब लालू यादव की सेहत ठीक नहीं है और हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट किया गया है.
Watch Live TV