)
नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ भारत की आगामी टेस्ट सीरीज के लिए शनिवार को रोहित शर्मा को कप्तान बनाया गया है. वहीं, चीफ सलेक्टर चेतन शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ तीन टी-20 और दो टेस्ट मैचों के लिए टीम का ऐलान किया. साथ ही यह भी बताया कि सीनियर बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे को मार्च में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से आराम दिया गया है. शर्मा ने कहा कि दोनों बल्लेबाजों से इस फैसले के बारे में बात की गई थी और उन्हें मौजूदा 2021/22 रणजी ट्रॉफी में रन बनाने के लिए कहा गया है. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में भविष्य के कप्तानों को तैयार करना चाहती है.
रोहित शर्मा की नियुक्ति (जो पहले से ही भारत के सफेद गेंद के कप्तान हैं) उन्हें विराट कोहली की जगह भारत के लिए सभी फॉर्मेट का कप्तान बनाता है. वेस्टइंडीज के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज़ से आराम करने वाले तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टेस्ट के साथ-साथ टी20 के लिए उपकप्तान बनाया गया है.
जडेजा चोट से श्रीलंका श्रृंखला में वापसी कर रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट और साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के दौरे से चूकना पड़ा था.टेस्ट टीम में रिद्धिमान साहा और इशांत शर्मा भी जगह बनाने में नाकाम रहे, जबकि उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार और कुलदीप यादव के साथ टीम में शामिल किए गए हैं.
श्रीलंका के खिलाफ टी20 टीम में संजू सैमसन बैकअप कीपर-बल्लेबाज होंगे, क्योंकि ऋषभ पंत और विराट कोहली को रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 और श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज से आराम दिया गया है.
इस प्रकार होगी भारतीय टेस्ट टीम: रोहित (कप्तान), मयंक अग्रवाल, प्रियंक पांचाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, शुभमन गिल, केएस भरत, आर. अश्विन (फिटनेस के ऊपर), रवींद्र जडेजा, जयंत यादव, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह(उप-कप्तान), मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, सौरभ कुमार.
इस प्रकार होगी भारतीय टी-20 टीम:: रोहित शर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव और अवेश खान.
ZEE SALAAM LIVE TV