)
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना नागल क्षेत्र के गांव बोहडुपुर में रविवार रात घुड़चढ़ी कार्यक्रम के दौरान दो समुदायों के युवकों के बीच झगड़ा हो गया और दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई. इस हमले में कई लोग जख्मी हो गए. इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
दरअसल, बोहडुपुर गांव के रहने वाले राजेश सैनी के बेटे नितिन सैनी की बारात जानी थी. रात करीब 9:30 बजे घुड़चढ़ी कार्यक्रम चल रहा था और बारात जुलूस शमशाद के मकान के पास पहुंचा ही था कि अचानक कुछ लोगों ने घोड़ी के आगे चल रहे युवकों पर हमला कर दिया. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों की संख्या दर्जनभर से ज्यादा थी और उनके पास धारदार हथियार भी थे. इस दौरान हवाई फायरिंग की भी बात सामने आई है. अचानक हुए हमले से घबराए युवक इधर-उधर भागने लगे, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
इस घटना की खबर मिलते ही मौके पर थाना प्रभारी राजकुमार चौहान पुलिस बल के साथ फौरन पहुंच गए और घटना की जानकारी अपने उच्चधिकारियों को दी. थोड़ी ही देर में सीओ देवबंद भी अतिरिक्त पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंच गए और स्थिति पर नियंत्रण पा लिया. देर रात पुलिस ने राजेश सैनी की तहरीर पर दस नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है.
दूसरे पक्ष ने दी सफाई
घटना में घायल युवक निखिल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि डीजे की आवाज कम करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था. उनके मुताबिक, बात बढ़ने पर दोनों ओर से गाली-गलौज और मारपीट हो गई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि किसी को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.