)
मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन के बीच फिल्म इंडस्ट्री के क़रीब 25,000 डेली वेजेस वर्कर्स का ख़र्च उठाने का वादा किया था. उन्होंने अपने वादे के तहत पहले मरहले में डेली वेजेस वर्कर्स के अकाउंट्स में 4.8 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए हैं. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के जनरल सैक्रेटरी अशोक दुबे ने इसकी तस्दीक की है. सलमान खान अगले मरहले में भी मज़ीद डोनेशन देंगे. ज़राए के मुताबिक, सलमान खान कुल 10.5 करोड़ का डोनेशन डेली वेजेस वर्कर्स को करेंगे.
FWICE ने 19,000 वर्कर्स से अकाउंट्स नंबर की डीटेल दी थी. कुछ वर्कर्स ने खुद से कहा कि उनकी इक्तेसादी हालत इस महामारी में खुद का पेट भर पाने के लिए ठीक है. उन्होंने FWICE से उन लोगों को मदद पहुंचाने की अपील की जिन्हें पैसों की बहुत ज़रूरत है.
FWICE के जनरल सैक्रेटरी अशोक दुबे ने इस क़दम की सराहना की. उन्होंने इससे मुतअल्लिक जानकारी देते हुए कहा, "सलमान खान ने 25,000 वर्कर्स की डीटेल मांगी थी. हमें 19 हजार मेंबर्स से अकाउंट्स डीटेल्स मिली. इसमें से 3000 वर्कर्स को पहले ही यशराज फिल्म्स से 5000 रुपये मिले चुके हैं. इसलिए हमने बाकी 16,000 वर्कर्स की बैंक डीटेल्स सलमान खान को भेज दी है. उन्होंने मनी ट्रांसफर शुरू कर दिया है. जल्द ही सभी को पैसे मिलेंगे."
दुबे ने कहा कि एफडब्ल्यूआईसीई को आज प्रोड्यूसर की ओर से 1.5 करोड़ रुपये मिले हैं. एसोसिएशन की मदद के लिए और भी कई लोग आगे आए हैं. FWICE दीगर वर्कर्स को भी मदद देने पर गौर करेगा और यह भी तय करेगा कि लॉकडाउन बढ़ने पर मेंबरों की मदद कैसे की जाए.