)
Waris Nagar News: संभल के चंदोसी क्षेत्र में नगर निगम की लगभग साढ़े छह बीघा जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर मकान बनाने वालों के खिलाफ शासन ने कड़ी कार्रवाई की है. प्रशासन ने वारिस नगर मोहल्ले में 34 मकानों को ध्वस्त करने का आदेश जारी किया है. यह आदेश मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने जारी किया है.
नगर पालिका प्रशासन ने कहा कि इन अवैध मकानों को खाली कराने के लिए कल 24 घंटे में मुनादी कराई जाएगी. मुनादी के बाद अगर मकान खाली नहीं किए गए तो बुलडोजर कार्रवाई के जरिए इन्हें ध्वस्त कर दिया जाएगा. इस आदेश की जानकारी मिलने के बाद वारिस नगर मोहल्ले में हड़कंप मच गया है.
इस बीच, वारिस नगर में पालिका की जमीन पर बनी रजा ए मुस्तफा मस्जिद के अवैध निर्माण को मस्जिद की इंतजामिया कमेटी ने खुद ध्वस्त कर दिया है. यह कदम मस्जिद प्रबंधन की तरफ से नियमों के पालन और विवाद से बचने के लिए उठाया गया.
प्रशासन ने किया सबकुछ साफ
मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने साफ किया कि पालिका की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण नियमों के खिलाफ है और प्रशासन इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण करने वालों को समय रहते हट जाना चाहिए. वरना बुलडोजर एक्शन होगा. वहीं, नगर पालिका प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अवैध निर्माण से दूर रहें और नियमों का पालन करें.
संभल में क्यों बुलडोजर एक्शन
गौरतलब है कि संभल में शाही जामा मस्जिद सर्वे के बाद शहर और आसपास के इलाकों में लगातार बुलडोजर एक्शन जारी है. इस दौरान कई मकानों, मस्जिदों और इदगाहों को ध्वस्त किया गया है. वारिस नगर मोहल्ले में पालिका की जमीन पर बने अवैध मकानों को हटाने की योजना इसी कार्रवाई का हिस्सा है. साथ ही राज्य के कई जिलों में भी बुलडोजर एक्शन जारी है. कथित अवैध मकान, दुकान, मदरसा और मस्जिदों पर बुलडोजर एक्शन हो रहा है.
रिपोर्ट: सुनील सिंह