Sambhal News: संभल हिंसा मामले में पुलिस एक-एक कर सभी आरोपियों पर शिकंजा कस रही है. इस सिलसिले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसका नाम कामरान बताया जा रहा है.
Trending Photos
)
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. वहीं, 4 मुसलमानों की मौत हो गई. इस हिंसा मामले में पुलिस एक-एक कर सभी आरोपियों पर शिकंजा कस रही है. इस सिलसिले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसका नाम कामरान बताया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि हिंसा के दौरान पथराव करने वालों में कामरान भी शामिल था और माहौल खराब करने की कोशिश की थी.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, संभल के एक कोर्ट ने संभल शहर में मौजूद शाही जामा मस्जिद के सर्वे के आदेश दिए थे. इस आदेश के बाद ASI की टीम मस्जिद की सर्वे करने पहुंची थी. इसी दौरान अफवाह फैल गई थी, जिसके बाद हिंसा भड़क उठी. हिंसा के दौरान कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी थी. संभल हिंसा मामले में पुलिस ने दावा किया है कि कामरान ने न सिर्फ पत्थरबाजी में हिस्सा लिया, बल्कि भीड़ को उकसाने का भी काम किया. घटना के वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की और उसे धर दबोचा.
पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा?
संभल पुलिस के अधिकारी ने बताया कि अब तक इस मामले में 81 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कुछ की पहचान की जा रही है. पुलिस ने साफ किया है कि जो भी इस घटना में शामिल था, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
संभल में चप्पे-चप्पे पर है पुलिस
हिंसा के बाद से ही संभल में पुलिस लगातार गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है. अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है. पुलिस ने यह भी कहा है कि अगर किसी को किसी के बारे में जानकारी है, तो फौरन पुलिस को सूचना दें. प्रशासन का मकसद है कि दोबारा ऐसी कोई घटना न हो और जिले में अमन-चैन बना रहे.