Veer Chakra Award 2025: सारण जिले के शहीद मोहम्मद इम्तियाज को ऑपरेशन सिंदूर में अदम्य साहस दिखाने के लिए मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया. पूरी खबर पढ़ने के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
Trending Photos
)
Veer Chakra Award 2025: बिहार के छपरा का नाम आज पूरे देश में गर्व और बहादुरी के साथ लिया जा रहा है. नारायणपुर गांव के शहीद बीएसएफ के SI मोहम्मद इम्तियाज को भारत सरकार ने मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित करने की घोषणा की है. यह सम्मान उन्हें भारत-पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर में दिखाई गई अदम्य वीरता और बलिदान के लिए दिया गया है.
28 अगस्त को शहीद के पैतृक गांव नारायणपुर में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में शहीद की बीवी शाहनाज अजीमा को BSF के सीनियर पदाधिकारियों और जिला प्रशासन की मौजूदगी में वीर चक्र से संबंधित आधिकारिक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. पूरा गांव इस ऐतिहासिक पल का गवाह बना और लोगों की आंखें गर्व और भावनाओं से नम हो गईं. बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि शहीद मोहम्मद इम्तियाज का बलिदान न केवल सारण बल्कि पूरे बिहार और भारत के लिए गौरव का विषय है.
07 बटालियन बीएसएफ में तैनात पुलिस निरीक्षक मोहम्मद इम्तियाज ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन के खिलाफ असाधारण साहस और बहादुरी दिखाई. उन्होंने बिना अपनी जान की परवाह किए अपने कर्तव्य को सर्वोपरि माना और देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए. उनकी इस वीरता और बलिदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत वीर चक्र से अलंकृत करने का फैसला किया है.
कब मिलेगा मेडल?
शहीद के पुत्र इमदाद राजा ने जानकारी दी कि 28 अगस्त को आयोजित समारोह में आधिकारिक प्रशस्ति पत्र सौंपा गया है. जबकि वीर चक्र का मुख्य पदक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों आगामी 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर प्रदान किया जाएगा.