)
नई दिल्ली: सरकार ने अनलॉक 4.0 में मुल्क में 9 से 12वीं क्लास के स्टूडेंट्स के लिए ऐहतियात के साथ स्कूल खोलने की मंजूरी दे दी है. यानी पीर के रोज़ से स्टूडेंट्स एक बार फिर स्कूल जा सकेंगे जो कि कोरोना महामारी के चलते पिछले कई महीनों से बंद थे. हालांकि कई बड़े सूबों ने अभी स्कूल नहीं खोलने का फैसला लिया है.
नई गाइडलाइंस जारी करते हुए वज़ारते दाखिला (Home Ministry) ने कहा कि सूबे या मरकज़ के ज़ेरे इंतेज़ाम सूबों के स्कूलों को 50 फीसदी टीचिंग स्टॉफ और 50 फीसदी स्टूडेंट्स को स्कूल आने की इजाज़त दे सकते हैं. वो भी जिन स्टूडेंट्स के घर कंटेनमेंट जोन से बाहर हैं वहीं स्टूडेंट्स स्कूल जा सकते हैं.
गाइडलाइंस में जोर देकर कहा गया है कि स्कूलों को कोरोना वायरस (Coronavirus) रोकने के सभी प्रोटोकॉल्स का सख्ती से अमल करना लाज़मी होगा. स्कूलों के लिए मरकज़ी वज़ारते सेहत ने स्कूलों को खोलने, उनके ट्रांस्पोर्ट, स्कूली एक्टिविटीज़ की प्लानिंग और साफ-सफाई से जुड़े तमाम हिदायात जारी की गई हैं.
दिल्ली: राजधानी दिल्ली ने इस फैसले से कुछ वक्त के लिए दूरी बनाते हुए 5 अक्टूबर तक के लिए स्कूल बंद रखे हैं. यह आदेश सभी स्कूलों पर लागू होंगे, चाहे वह सरकारी हों, निजी हों या दिल्ली कैंट के हों.
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश ने स्कूल कब तक बंद रहेंगे, इस पर साफ तौर पर कुछ नहीं कहा है लेकिन नायब वज़ीरे आला दिनेश शर्मा ने इशारे दिए हैं कि सितंबर में स्कूल व कॉलेज बंद रहेंगे.
बिहार: यहां इस फैसले पर आधा अमल किया गया है. यानी 21 सितंबर से स्कूल अपने 50 फीसदी टीचर्स और अहलकारों को बुला सकेंगे, वहीं 9वीं से 12वीं के स्टूडेंट्स गाइडेंस के लिए स्कूल जा सकेंगे. लेकिन राज्य में स्टूडेंट्स के लिए स्कूल-कॉलेज 30 सितंबर तक बंद रहेंगे.
उत्तराखंड: इस राज्य ने भी कोरोना वायरस को देखते हुए फिलहाल स्कूल नहीं खोलने का फैसला लिया है.
झारखंड: यहां भी हुकूमत 21 सितंबर से स्कूल खोलने की हिमायत में नहीं है.
मध्य प्रदेश: MP में 21 सितंबर से स्कूल खुल रहे हैं. इसके लिए स्कूल भी जोर-शोर से तैयारियां कर रहे हैं. स्कूलों को सैनिटाइज किया जा रहा है, जो कि दो शिफ्ट में लगेंगे.
राजस्थान: यहां भी अभी स्कूल नहीं खुलेंगे लेकिन कक्षा 9वीं से 12वीं तक स्टूडेंट्स अपने वालिदैन की तहरीरी इजाज़त से गाइडेंस के लिए स्कूल जा सकेंगे.
हरियाणा: हरियाणा हुकूमत ने 21 सितंबर से स्कूल खोलने की इजाज़त दे दी है. मेहकमा तालीम ने इसके लिए खत जारी कर सभी हिदायात भी दी हैं.
गुजरात: यहां हुकूमत ने कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए अभी स्कूलों को फिर से खोलने की इजाज़त नहीं दी गई है.
केरल: केरल के सीएम ने कहा है कि कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर ना तो सितंबर में और ना ही अक्टूबर में स्कूल-कॉलेज खोले जा सकते हैं.
आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश मे 21 सितंबर से स्कूल खुल रहे हैं. यहां 50 फीसदी टीचिंग स्टॉफ और अहलकार स्कूल आ सकेंगे साथ स्टूडेंट्स वालिदैन की तहरीरी इजाज़त के बाद क्लास में बैठ सकेंगे.
Zee Salaam LIVE TV