)
UP Elections: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में आज विधान सभा चुनाव हो रहे हैं. उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के दूसरा चरण के लिए 55 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं. गोवा में सभी 40 सीटों पर विधान सभा चुनाव हो रहे हैं तो वहीं उत्तराखंड में भी सभी 70 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं.
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आज दूसरे चरण के लिए 9 जिलों की 55 सीटों पर मतदान जारी है. इस चरण के कुल 55 विधान सभा क्षेत्रों में 586 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 69 महिला प्रत्याशी हैं. मतदान सांय छह बजे तक चलेगा. इस चरण में सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर जिले में वोट पड़ेंगे। इन जिलों में 12,544 मतदान केंद्र और 23,404 मतदेय स्थल बनाए गए हैं. मतदान केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल के पालन के दिशा-निर्देश दिए गए हैं. पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर, मास्क, ग्लब्स, फेस मास्क, थर्मल स्कैनर, फेस शील्ड, पीपीई किट और साबुन-पानी की व्यवस्था की गई है.
गोवा
गोवा विधानसभा की 40 सीट पर चुनाव के लिए मतदान जारी है. इसमें 301 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं. गोवा में इस बार बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां आम आदमी पार्टी (आप), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और अन्य छोटे दल राज्य के चुनावी परिदृश्य पर अपनी छाप छोड़ने की होड़ में हैं.
उत्तराखंड
उत्तराखंड विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान जारी है. यहां प्रदेश के 82 लाख से ज्यादा मतदाता 632 प्रत्याशियों की किस्मत को ईवीएम में कैद कर देंगे. करीब 21 साल पहले बने उत्तराखंड में पिछले चार विधानसभा चुनावों की तरह इस बार भी ज्यादातर सीटों पर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है. आम आदमी पार्टी (आप) ने 70 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारकर कई सीटों पर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास किया है. इसके अलावा, क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी उत्तराखंड क्रांति दल भी 48 सीटों पर चुनाव लड़कर अपनी मौजूदगी दर्ज करवा रहा है. हरिद्वार और उधमसिंह नगर जैसे मैदानी इलाकों में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं.
Video: