)
Haq Film Controversy: इमरान हाशमी और यामी गौतम की आगामी कोर्टरूम ड्रामा 'हक़' रिलीज़ से कुछ हफ़्ते पहले ही कानूनी पचड़े में पड़ गई है. शाह बानो की बेटी और कानूनी उत्तराधिकारी सिद्दीका बेगम ने निर्माताओं को आगामी फिल्म के प्रकाशन, प्रदर्शन, प्रचार या रिलीज़ पर तत्काल रोक लगाने के लिए एक कानूनी नोटिस भेजा है.
नोटिस के मुताबिक, सिद्दीका बेगम द्वारा दायर शिकायत में मरहूम शाह बानो बेगम के निजी जीवन का उनके कानूनी उत्तराधिकारियों की सहमति के बिना अनधिकृत चित्रण का आरोप लगाया गया है. यह नोटिस फिल्म के निर्देशक सुपर्ण वर्मा, निर्माता जंगली पिक्चर्स और बावेजा स्टूडियोज़ के साथ-साथ केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) को भी भेजा गया है.
कौन थीं शाह बानों
फ़िल्म ‘हक़’ 1985 के मशहूर शाह बानो केस पर आधारित है, जो भारत में मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा ऐतिहासिक मामला था. शाह बानों की शादी साल 1932 में हुई थी और उनके पांच बच्चे थे. बाद में शाह बानों के शौहर ने तलाक दे दिया. 62 साल की शाह बानो ने 1978 में अपने शौहर मोहम्मद अहमद खान से भरण-पोषण की मांग की थी.
1985 में सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया था बड़ा फैसला
1985 में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया कि शाह बानो धारा 125 के तहत भरण-पोषण की हकदार हैं. हालांकि, एक साल बाद राजीव गांधी सरकार ने अदालत के फैसले को रद्द करने के लिए कानून पेश किया. इस कहानी पर बनी फ़िल्म ‘हक़’ का निर्देशन सुपर्ण एस. वर्मा ने किया है. इसमें वर्तिका सिंह, दानिश हुसैन, शीबा चड्ढा और असीम हट्टंगडी अहम भूमिकाओं में हैं. फ़िल्म जंगली पिक्चर्स के बैनर तले बनी है और 7 नवंबर को रिलीज़ होगी.