)
नई दिल्ली: ज्ञानवापी मामला गर्माता जा रहा है. इस पर तमाम सियासी लीडरान ने अपने बयान जारी करने शुरू कर दिए हैं. जिसके बाद अब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि यह मुद्दा बेरोजगारी के मुद्दे को दबाने के लिए उठाया गया है.
पवार ने शनिवार को आरोप लगाया कि वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर खड़ा हुआ हंगामा महंगाई और बेरोजगारी जैसे अहम मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के बीजेपी की कोशिशों का हिस्सा है. शरद पवार ने ब्राह्मण संगठनों के लीडरान से मुलाकात की. जिसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की.
जब शरद पवार से ज्ञानवापी मस्जिद में शिवलिंग होने के दावे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा ''सत्तारूढ़ दल महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसे बुनियादी मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए जानबूझकर ऐसे मुद्दों को उठा रहा है.'' पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह समुदायों के बीच अशांति पैदा करने का एक जानबूझकर किया गया प्रयास है.