)
बेंगलुरुः बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में हिजाब विवाद को लेकर जारी विवाद के बाद अब पगड़ी को लेकर एक नया मामला सामने आया है. कर्नाटक के मंगलुरु में एक निजी स्कूल ने कथित तौर पर पगड़ी पहनने के कारण 6 साल के एक सिख लड़के को दाखिला देने से इनकार कर दिया है. लड़का, अपने माता-पिता के साथ, गुरुवार को शहर के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल में कक्षा 1 में प्रवेश के लिए गया था, लेकिन अधिकारियों ने कथित तौर पर यह कहते हुए प्रवेश देने से इनकार कर दिया कि स्कूल में किसी भी धार्मिक प्रतीकों की अनुमति नहीं है. बाद में, मामले की सूचना बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को दी गई, जिन्होंने चाइल्डलाइन से इस संबंध में एक रिपोर्ट पेश करने को कहा है.
स्कूल ने हाईकोर्ट के आदेश का दिया हवाला
सीडब्ल्यूसी ने कहा है कि कक्षाओं में किसी भी धार्मिक प्रतीक, भगवा शॉल, या हिजाब की अनुमति नहीं देने के कर्नाटक उच्च न्यायालय के अंतरिम आदेश पर स्कूल अधिकारियों की यह प्रतिक्रिया है. हालांकि, सीडब्ल्यूसी और शिक्षा विभाग ने कहा है कि उन्हें इस संबंध में लड़के के माता-पिता की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है.
मंत्री ने कहा, पगड़ी पहनना सिख समुदाय का संवैधानिक अधिकार
शिक्षा मंत्री बी.सी. नागेश ने स्पष्ट किया था कि हिजाब विवाद पर मामले को देख रही उच्च न्यायालय की बड़ी पीठ का अंतरिम आदेश सिख छात्रों पर लागू नहीं होगा. उन्होंने कहा कि पगड़ी पहनना सिख समुदाय के सदस्यों का संवैधानिक अधिकार है और उच्च न्यायालय का आदेश केवल हिजाब, भगवा शॉल और अन्य धार्मिक प्रतीकों पर लागू होता है.
Zee Salaam Live Tv