)
नई दिल्ली: कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए वैरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) से निपटने के लिए सिंगापुर (Singapore) सभी यात्रियों के लिए कोविड-19 जांच नियमों को और कड़ा करेगा. स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि दो दिसंबर से टीकाकृत यात्रा लेन (वीटीएल) पर सिंगापुर पहुंचने वालों की अतिरिक्त एंटीजेन रैपिड जांच की जाएगी. इन यात्रियों को उनके आगमन के तीसरे और सातवें दिन एक द्रुत जांच केंद्र पर जांच करानी होगी.
वर्तमान में इस तरह के यात्रियों को सिर्फ एक पीसीआर जांच करानी होती है और निगेटिव रिपोर्ट आने तक सेल्फ क्वारन्टीन में रहना होता है. स्वास्थ्य मंत्री ओंग ये कुंग ने मंगलवार को कहा कि जहां तक सीमा पर किए जाने वाले उपाय की बात है, सिंगापुर चीजों को जस का तस छोड़ने या सीमा को बंद करने या यात्रा बंद करने का विकल्प चुन सकता है.
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के आने के बाद दुनिया के अलग-अलह मुल्क यात्रा के नियमों को और कड़ा कर रहे हैं, ओमिक्रोन का पहला केस दक्षिण अफ्रीका में मिला था जिसके बाद कई मुल्कों ने अफ्रीका से आने वाली फ्लाइट्स पर रोक लगा दी थी. आपको बता दें महाराष्ट्र में पिछले 15 दिनों में अफ्रीकी मुल्कों से 1 हज़ार से ज्यादा लोग आए हैं.
Zee Salaam Live TV