)
Sitapur News: उत्तर प्रदेश में कथित अवैध मदरसों, मस्जिदों और मजारों पर कई सालों से बुलडोजर की कार्रवाई चल रही है. इसी बीच, सीतापुर जिले के महमूदाबाद तहसील क्षेत्र के मिया सराय चौराहे पर बने अवैध ढांचे पर बुलडोजर चलाया गया है. इस कार्रवाई में न सिर्फ दुकानें बल्कि वहां बनी एक मजार भी ध्वस्त कर दी गई है. डीएम अभिषेक आनंद के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है. प्रशासन का कहना है कि यह सारी जमीन सरकारी रिकॉर्ड में बंजर भूमि के रूप में दर्ज है, जिस पर पिछले 30 सालों से कब्जा कर अतिक्रमण किया गया था.
महमूदाबाद के तहसीलदार की अगुवाई में बुलडोजर एक्शन को अंजाम दिया गया. प्रशासन ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी. कई थानों की पुलिस के साथ-साथ पीएसी फोर्स भी मौके पर मौजूद रही.
खाली कराई गई करोड़ों की जमीन
एडीएम नीतीश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए की गई थी. संबंधित जमीन की कीमत करीब दो करोड़ रुपए आंकी गई है. उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर लंबे वक्त से अवैध रूप से दुकानें और मजार बना ली गई थीं, जिन्हें प्रशासन ने अब ध्वस्त करवा दिया है. स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, यह अवैध अतिक्रमण करीब 30 साल पुराना था. लोगों ने धीरे-धीरे सरकारी बंजर भूमि पर कब्जा करना शुरू किया और वहां दुकानें, मकान और धार्मिक ढांचा खड़ा कर दिया. प्रशासन ने पहले नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ, तो सोमवार को बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई.
प्रशासन का सख्त संदेश
जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. डीएम अभिषेक आनंद ने पहले ही आदेश जारी कर कहा था कि जिले में कहीं भी सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण नहीं रहना चाहिए. बुलडोजर कार्रवाई के दौरान माहौल को शांत बनाए रखने के लिए पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर लिया था. प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी सुरक्षा बल तैनात रहे. इससे पहले अफवाहों और विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर लोगों को समझाने का भी प्रयास किया गया.