)
नई दिल्ली: पिछले दिनों कांग्रेस से तीन पीढ़ियों के और करीब 50 साल पुराने रिश्ते को अलविदा कहने वाले पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति (पीपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया. भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और दूसरे वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जाखड़ ने केंद्र की सत्ताधारी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की.
बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने भाजपा का पट्टा पहना कर जाखड़ का पार्टी में स्वागत किया. पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पिछले महीने कांग्रेस में सभी पदों से हटा दिये गए जाखड़ ने 14 मई को फेसबुक के जरिए देश की सबसे पुरानी पार्टी को ‘‘गुड लक और गुडबाय कांग्रेस’’ कह दिया था.
Former Congress leader Shri @sunilkjakhar joins BJP in presence of BJP National President Shri @JPNadda at party headquarters in New Delhi. #JoinBJP pic.twitter.com/LuS44MgieK
— BJP (@BJP4India) May 19, 2022
बीजेपी ज्वॉइन कर बोले सुनील जाखड़
बीजेपी में शामिल होने के बाद सुनील जाखड़ ने अपने रद्देअमल का इज़हार करते हुए कहा कि आज परिवार से नाता तोड़कर मैं यहां इसलिए आया हूं क्योंकि सुनील को इसलिए कटघरे में खड़ा किया क्योंकि उसने इस बात की मुखालिफत की. उसने जाति-धर्म के नाम पर पंजाब को तोड़ने पर विरोध किया. मुझे लगता है कि पंजाब एक सूबा है, जिसने देश के लिए अहम योगदान दिया है. हर मामले में पंजाब ने अपना नाम कमाया है.
कांग्रेस छोड़ने की घोषणा करते हुए उन्होंने ‘‘दिल्ली में बैठे’’ कुछ नेताओं, खासकर अंबिका सोनी पर हमला किया था और कहा था कि जब तक ऐसे नेताओं से कांग्रेस को मुक्ति नहीं मिलेगी, तब तक वह पंजाब में अपना जनाधार नहीं बना सकती.
गौरतलब है कि पंजाब में अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सोनी ने ही पिछले साल कहा था कि कांग्रेस को किसी सिख नेता को मुख्यमंत्री बनाना चाहिए. खुद जाखड़ भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में थे. तीन बार पंजाब विधानसभा के सदस्य रह चुके सुनील जाखड़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष दिवंगत बलराम जाखड़ के पुत्र हैं. बलराम जाखड़ मध्य प्रदेश राज्य के राज्यपाल भी रहे हैं.
Zee Salaam Live TV: