)
Mohammad Ali Shabbir on AIMIM: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा. 4 नवंबर चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है. इस बीच, तेलंगाना सरकार के सलाहकार और सीनियर कांग्रेस नेता मोहम्मद अली शब्बीर ने बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान AIMIM प्रमुख और हैदराबाद से लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर एक बयान देकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है.
बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान शब्बीर ने AIMIM को 'बीजेपी की बी-टीम' और वोट काटने वाली पार्टी कहा. उनके इस बयान से तेलंगाना की राजनीति में हलचल मच गई है. यह बयान ऐसे समय आया जब मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी जुबली हिल्स उपचुनाव में असदुद्दीन ओवैसी के साथ अपने करीबी रिश्तों को खुलकर दिखा रहे थे. रेवंत रेड्डी ने मुस्लिम वोटरों से कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव के समर्थन में मतदान करने की अपील भी की थी.
शब्बीर के बयान के बाद मीडिया और विपक्ष ने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया. मीडिया रिपोर्टों ने इसे बिहार में दुश्मनी, तेलंगाना में दोस्ती जैसा विरोधाभास बताया है. शब्बीर ने बिहार के किशनगंज में कांग्रेस उम्मीदवार कमरुल हुदा के समर्थन में प्रचार करते हुए कहा कि AIMIM कांग्रेस के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर धर्मनिरपेक्ष वोटों को बांटने का काम कर रही है.
ओवैसी के पार्टी के नेता कर रहे हैं कांग्रेस के लिए प्रचार
वहीं, इसी समय तेलंगाना के जुबली हिल्स में AIMIM विधायक कौसर मोहिउद्दीन और पार्टी के अन्य नेता कांग्रेस के लिए प्रचार कर रहे हैं और मुस्लिम वोटरों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं. सियासी जानकारों का कहना है कि शब्बीर का बयान उनकी सरकार से बढ़ती नाराजगी का संकेत है। वहीं, कुछ नेताओं का मानना है कि जुबली हिल्स में AIMIM के साथ कांग्रेस का तालमेल मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की रणनीति का हिस्सा है, जबकि बिहार में कांग्रेस AIMIM को महागठबंधन में शामिल करने का विरोध करती रही है.